पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
साहिबगंज।उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में नंदिनी नगर में 10 से 12 मई तक आयोजित होने वाली सीनियर रैंकिंग नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए साहिबगंज के चार प्रतिभाशाली पहलवानों का चयन हुआ है।जिले के ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयनित पहलवानों में रूपाली कुमारी 53 किलोग्राम भार और रोशनी कुमारी 57 किलोग्राम भार और खिलाड़ी गुंजन यादव 61 किलोग्राम भार और अंगद यादव 74 किलोग्राम भार शामिल हैं।
यह पूरी टीम नेशनल कोच सुशांत सौरव (NIS) के नेतृत्व में चैंपियनशिप में हिस्सा लेने जा रही है। इसके पूर्व साहिबगंज जिला कुश्ती संघ की सचिव व अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती कोच नमिता शर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने कड़ी तैयारी की है। संघ को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष सह सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के पूर्व खेल निदेशक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। डॉक्टर सिंह ने कहा कि कुश्ती भारतीय पारंपरिक खेल है जिसमें बल, बुद्धि, स्किल और तकनीक के जरिए खिलाड़ी अनुशासित प्रदर्शन करते हैं। साहिबगंज के पहलवानों में काफी क्षमता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतकर लौटेंगे।
जिला कुश्ती संघ ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शुक्रवार अहले सुबह खिलाड़ियों की टीम अपने कोच सुशांत सौरव के साथ ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन से गंतव्य के लिए प्रस्थान किया।