रांची।झारखंड का प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर अपने लिए 100 करोड़ रुपए का शीशमहल बनवाने का आरोप लगाया है।अपने आरोप के समर्थन में भाजपा ने उस निविदा विज्ञापन की तस्वीर भी दिखाई जो मुख्यमंत्री आवास के निर्माण के लिए जारी किया गया है।
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने अपने आरोप को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की और शीशमहल बनवाने के मामले में सीएम सोरेन पर केजरीवाल को भी पीछे छोड़ने का आरोप लगाया।शाह ने यह भी आरोप लगाया कि नए सीएम आवास में 2 करोड़ का फव्वारा और ढाई करोड़ का बगीचा होगा।
भाजपा नेता प्रतुल शाह ने लिखा,झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी का 100 करोड़ का शीश महल का टेंडर जारी। प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं।हम लंबे समय से कहते थे कि मुख्यमंत्री सोरेन जी केजरीवाल जी को भी पीछे छोड़कर झारखंड में 100 करोड़ का शीश महल बनवा रहे हैं।
भाजपा नेता प्रतुल शाह ने आगे लिखा,अभी जो टेंडर निकला है उसकी लागत 67 करोड़ रुपए है। 25 से 30 प्रतिशत डेविएशन भवन निर्माण विभाग में होना सामान्य बात है। अगर इसे जोड़ दें तो यह 100 करोड़ का हो जाएगा।शाह ने बताया कि अभी इसमें फर्नीचर व इंटीरियर का खर्चा शामिल नहीं है।
भाजपा नेता प्रतुल शाह ने सीएम हाउस के निर्माण के लिए जारी जिस टेंडर विज्ञापन का फोटो शेयर किया,उसमें कार्य की कुल लागत 67 करोड़ 4 लाख 36 हजार रुपए बताई गई है और काम पूरा होने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में केजरीवाल की सरकार इसी तरह का शीशमहल बनवाने की वजह से गई थी। शाह ने लिखा,अभी इसमें इंटीरियर और फर्नीचर का तो जिक्र भी नहीं है। केजरीवाल तो इसी शीश महल के कारण गयो। अब अगली बारी किसकी।
भाजपा नेता प्रतुल शाह ने अपनी इस पोस्ट को 6 मार्च को शेयर की उस पोस्ट के साथ शेयर किया,जिसमें उन्होंने आरोप लगाते हुए लिखा था कि गरीब गुरबा की सरकार का नेतृत्व करने का दावा करने वाले माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी अपने लिए 100 करोड़ की लागत वाला शीश महल बनवा रहे हैं।उस पोस्ट में शाह ने आरोप लगाया था कि नए मुख्यमंत्री आवास में 2 करोड़ का फव्वारा और ढाई करोड़ का गार्डन भी होगा। साथ ही इस मामले को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की जानकारी भी दी थी।