पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में हाथियों का आतंक,खौफ में ग्रामीण,वन विभाग के पास टॉर्च तक नहीं

पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में हाथियों का आतंक,खौफ में ग्रामीण,वन विभाग के पास टॉर्च तक नहीं

29 Mar 2026 |  33

 



पश्चिमी सिंहभूम।पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में इंसानों और हाथियों के बीच संघर्ष का खतरा मंडरा रहा है।महुदी और बोटम बिन प्लांट के आसपास के जंगलों में पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड लगातार भटक रहा रहा है,इससे पहले पिछले दिन भी हाथियों का झुंड सड़क किनारे आ गया था। इसकी सूचना ग्रामीण अजय लागुरी ने तुरंत वन विभाग को दी थी,जिसके बाद हाथियों को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर मोड़ दिया।



दोपहर भी देखा गया हाथियों का झुंड



शनिवार दोपहर एक बार फिर हाथियों का झुंड जंगल के आसपास देखा गया,इससे ग्रामीणों में दहशत है।वन विभाग की टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।वन विभाग का कहना है कि हाथी अभी तक किसी को नुकसान नहीं पहुंचा रहे हैं और भोजन व पानी की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं।



क्या कहते हैं ग्रामीण



इस संबंध में गांव के ही रहने वाले गणेश गोप ने बताया कि हाथी एक महीने से अधिक समय से गांव के सामने जंगल में घूम रहे हैं।डर के कारण वे रात में सो नहीं पा रहे हैं।हालांकि अभी तक किसी को नुकसान नहीं हुआ है।वहीं ग्रामीण कांडे लोहार का कहना है कि एक महीने से ज्यादा समय से हाथियों का झुंड आसपास है,लेकिन वन विभाग ने न तो टॉर्च दिया है और न ही हाथी भागने का कोई सामान।



वन विभाग का दावा,स्थिति नियंत्रण में



फॉरेस्टर अमित महतो ने बताया कि हाथियों का झुंड जंगलों में ही घूम रहा है और अब तक किसी ग्रामीण को नुकसान नहीं पहुंचा है।जिन इलाकों में हाथियों की आवाजाही अधिक है, वहां पटाखे वितरण किये गए हैं।हालांकि विभाग के पास टॉर्च उपलब्ध नहीं है।



सतर्क रहने की अपील



वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास जाने से बचें और सतर्क रहें।वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि हाथियों और ग्रामीण दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकें।


ट्रेंडिंग