चतरा जिले के सुरक्षित वन क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती की आशंका पर वन विभाग,पुलिस एवं झारखंड जगुआर की संयुक्त गश्ती
दुर्गम क्षेत्रों में किया गया भ्रमण एवं आसूचना संकलन, कहीं भी नहीं मिला जोत-कोड़ का प्रमाण
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा।जिले में अफीम पोस्ता की अवैध खेती की आशंका के मद्देनजर बुधवार को चतरा वन प्रक्षेत्र और राजपुर वन प्रक्षेत्र अंतर्गत मरदनपुर,गेरी,सिकिद,कच्चा,कड़िमा,हसोत,बैरियो और गम्हारतरी सुरक्षित वनों के सुदूरवर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में वन विभाग, पुलिस एवं झारखंड जगुआर के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण एवं गश्ती अभियान चलाया गया। इस दौरान वनकर्मियों,सदर थाना पुलिस बल और झारखंड जगुआर के जवानों ने संबंधित क्षेत्रों में भ्रमण कर आसूचना संकलन एवं निगरानी का कार्य किया।
अभियान के क्रम में किसी भी स्थान पर अफीम/पोस्ता की अवैध खेती के लिए जोत-कोड़ किए जाने का प्रमाण नहीं मिला।इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी,दक्षिणी और उतरी वन प्रमंडल अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती करना कानूनन अपराध है। वन क्षेत्रों को ऐसी अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन और जीआईएस तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है,ताकि किसी भी अवैध गतिविधि का समय रहते पता लगाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अहमद बेलाल अनवर ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध खेती के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। साथ ही आमजनों से अपील की कि वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें तथा वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय सहयोग करें।