गुमानी रेलवे स्टेशन पर अधूरे प्लेटफॉर्म से यात्री परेशान,नवझारखंड जनएकता संगठन ने सौंपा ज्ञापन
गुमानी रेलवे स्टेशन पर अधूरे प्लेटफॉर्म से यात्री परेशान,नवझारखंड जनएकता संगठन ने सौंपा ज्ञापन
20 Aug 2026 | 59
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
साहिबगंज।गुमानी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 2 पर अधूरे निर्माण कार्य से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्लेटफॉर्म का एक हिस्सा ऊंचा और दूसरा हिस्सा नीचा होने से बुजुर्गों,महिलाओं और बच्चों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में दिक्कत हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है।इसी समस्या को लेकर नवझारखंड जनएकता संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन मास्टर के माध्यम से रेलवे के संबंधित अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने और प्लेटफॉर्म को सुरक्षित व समतल बनाने की मांग की गई है।
संगठन का कहना है कि प्लेटफॉर्म की ऊंचाई-निचाई में अंतर के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ट्रेन आने-जाने के समय यात्रियों को संतुलन बनाए रखने में परेशानी होती है। संगठन ने रेल प्रशासन से मांग की कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के फाउंडर अंसार अली उर्फ मिंटू,संगठन प्रभारी अब्दुल मालिक,सचिव अनिकुल इस्लाम, कोषाध्यक्ष सरफराज अहमद,तबरेज अंसारी,मसूद आलम, वसीम अख्तर,अबू वकार सहित कई सदस्य उपस्थित थे। स्थानीय यात्रियों ने भी संगठन की मांग का समर्थन किया है। अब देखना होगा कि रेल प्रशासन इस पर कब तक कार्रवाई करता है।