पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
रजरप्पा।सीसीएल रजरप्पा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।शिक्षक,विद्यार्थी और अभिभावक सभी देशभक्ति के जज़्बे से सराबोर दिखाई दिए।कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई,जब मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक और एलएमसी के चेयरमैन जीके राठौड़ और विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर्णा क्लब की अध्यक्षा हीना राठौड़ उपस्थित हुईं। उनके साथ अपर्णा क्लब की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित थीं।इसके अलावा सीसीएल रजरप्पा के सीएसआर के नोडल पदाधिकारी आशीष झा, स्टाफ ऑफिसर (पर्सनल) रामानुज प्रसाद सहित अनेक गणमान्य अतिथि समारोह में शामिल हुए।
डीएवी विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर आरके साहू ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अमर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित कर वीर शहीदों के बलिदान को नमन करने के साथ हुआ। इसके पश्चात वंदे मातरम् के मधुर गायन के बीच ध्वजारोहण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत,नृत्य,भाषण, नाट्य प्रस्तुति और अन्य रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रेम स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए और अभिभावकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।अतिथियों ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम कर जीवन में नई ऊंचाइयां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक जीके राठौड़ ने विद्यालय के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम और उत्कृष्ट उपलब्धियों की सराहना की। राठौड़ ने विद्यालय की निरंतर प्रगति और विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने की बात कही।विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर आरके साहू ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों,अभिभावकों और गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के वरीय शिक्षक मनोज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका अंजनी पांडेय और नंदिनी गुप्ता के मार्गदर्शन में कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा अनुप्रिया चौधरी और दसवीं की अक्षा फरहत ने कुशलतापूर्वक किया।अंत में पुनः वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ। समारोह ने उपस्थित सभी लोगों के मन में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया।