मेधावी छात्रों का सम्मान,अभिभावकों की भूमिका पर दिया जोर
बच्चों की सफलता में अभिभावक-शिक्षक की साझेदारी जरूरी:रंजीत चंद्रवंशी
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
बरही।देवचंदा मोड़ के श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को मेधावी छात्रों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर छात्रों और अभिभावकों की उपस्थिति से भरा रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय के प्रेरणास्रोत स्व. दशरथ सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मंच संचालन शिक्षक अमरजीत पांडेय ने किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल,प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें अभिभावकों की भूमिका को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि केवल छात्रों को सम्मानित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अभिभावकों को सही दिशा में मार्गदर्शन देना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से अभिभावकों को प्रभावी पैरेंटिंग, बच्चों का मनोबल बढ़ाने तथा उनके मानसिक व शारीरिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर भाजपा नेता सह अभिभावक रणजीत चंद्रवंशी ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के जीवन में माता-पिता और शिक्षक दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। जब दोनों मिलकर कार्य करते हैं, तभी बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनता है।
विद्यालय के प्रबंधक विकास सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं,बल्कि छात्रों और अभिभावकों का समग्र विकास करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि कक्षा 11 एवं 12 के लिए डेमो क्लास 6 अप्रैल से प्रारंभ होगी, जिसमें छात्र अपने अभिभावकों के साथ शामिल होकर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं सुविधाओं का आकलन कर सकते हैं।