रांची।झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग ने बोकारो,धनबाद,जामताड़ा,दुमका और पाकुड़ में ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।साथ ही गिरिडीह समेत बाकी 19 जिलों में गरज के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वोत्तर हिस्सों में चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के पूर्वोत्तर हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली कड़कने और ओलावृष्टि भी हो सकती है।अन्य जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि दो और तीन अप्रैल को झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलो प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
तापमान में दो डिग्री तक हो सकता है इजाफा
धनबाद के तापमान की बात करें तो सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।अगले 24 घंटों में तापमान में दो डिग्री तक इजाफा हो सकता है,जिसके बाद इसमें दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और बिना जरूरत के बाहर निकलने से बचें।तेज हवा और बिजली कड़कने के दौरान खुले में न रहें,पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रहें।