हजारीबाग।बड़कागांव थाना उरीमारी ओपी क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 उग्रवादियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।इस संबंध में पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई है।गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से इंसास राइफल,भारी मात्रा में जिंदा कारतूस,एक देशी पिस्टल,बोलेरो वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को देखते ही भाग खड़े हुए
पुलिस को 21 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि उरीमारी ओपी अंतर्गत कोलियरी क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के कुछ सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।सूचना के आधार पर हजारीबाग एसपी निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल जब आसवा और गुडकुवा गांव के पास पहुंचा, तभी उरेज गांव की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी तेज गति से आती दिखाई दी।पुलिस वाहन को सामने देखकर बोलेरो चालक ने अचानक गाड़ी घुमाकर विपरीत दिशा में भागने का प्रयास किया।इस पर पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का संकेत देते हुए उसका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस ने पीछा कर किया गिरफ्तार
पुलिस को पीछा करता देख बोलेरो चालक तेजी से भागने लगा,लेकिन जल्दबाजी में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और आसवा और गुडकुवा गांव के बीच सड़क किनारे पुल और पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार लोग भागने की कोशिश कर रहे थे,लेकिन पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।जांच के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्तियों के हाथ में इंसास राइफल मिली।
लातेहार के हैं अधिकांश उग्रवादी
गिरफ्तार लोगों की पहचान सुनील मुंडा (27 वर्ष), वीरेंद्र मुंडा (20 वर्ष), सुरेंद्र मुंडा (30 वर्ष), लालमोहन मुंडा (22 वर्ष), अनिल मुंडा (18 वर्ष), रविंद्र गंझू उर्फ रिंकू (19 वर्ष), सत्येंद्र गंझू उर्फ संटू (25 वर्ष तथा संजय मुंडा (34 वर्ष) के रूप में हुई,इनमें अधिकांश आरोपी लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं,जबकि एक आरोपी रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र का निवासी है।