विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा,पाकुड़ में स्थिति गंभीर,एक हजार फीट नीचे तक पानी नहीं
विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा,पाकुड़ में स्थिति गंभीर,एक हजार फीट नीचे तक पानी नहीं
18 Mar 2026 | 13
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
रांची।झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 16वें दिन मंगलवार को प्रश्न काल के दौरान विधायक हेमलाल मुर्मू ने आसन से कहा कि उन्होंने जो प्रश्न पूछे हैं,उनका उत्तर ही नहीं मिला है।हेमलाल मुर्मू को जल्द ही उत्तर उपलब्ध कराया गया। हेमलाल मुर्मू का प्रश्न था क्या सरकार ने राज्य के सभी जिलों विशेषकर संथाल परगना के सूखा प्रक्षेत्र में चालू/लंबित पेयजल परियोजनाओं व ऐसी योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार की समीक्षा की है,उनका यह भी प्रश्न था कि सरकार द्वारा राज्य में 69916 खराब चापाकलों की मरम्मत करने का फैसला किया गया है,जिसमें पाकुड़ जिला में इसकी संख्या 3436 हैं,तो क्या सरकार इनके निर्माण और व्याप्त भ्रष्टाचार पर कुछ कर रही हैं।
मंत्री का उत्तर था कि पूरे राज्य में 1,44,906 चापाकल खराब है।उसे बनाने का काम किया जा रहा है,जिसमें पाकुड़ भी शामिल है।हेमलाल मुर्मू का कहना था कि मंत्री जी 400-500 फीट भूतल के चापाकल की मरम्मति की बात कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि उनके इलाके में 800-900 फीट तक भी पानी उपलब्ध नहीं हैं। कहीं-कहीं 1000 फीट नीचे तक पानी नहीं मिल रहा। ऐसे में स्थिति गंभीर है। पूरा ड्राई जोन है। ऐसे में तो लोग प्यास से छटपटाकर मरेगा।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस पर हस्तक्षेप करते हुए कहा कि क्या राज्य सरकार इतना दिवालिया हो गई कि वो चापाकल तक की मरम्मति नहीं करा सकती। अब चापाकल की मरम्मति के लिए भी केन्द्र पर निर्भर हो गई। सरकार तो बड़ी-बड़ी बातें करती हैं।