बोकारो रेंज के डीआईजी आनंद प्रकाश का धनबाद दौरा, पुलिस मुख्यालय में की समीक्षा बैठक

बोकारो रेंज के डीआईजी आनंद प्रकाश का धनबाद दौरा, पुलिस मुख्यालय में की समीक्षा बैठक

10 Mar 2026 |  8

बोकारो रेंज के डीआईजी आनंद प्रकाश का धनबाद दौरा, पुलिस मुख्यालय में की समीक्षा बैठक



सरायढेला मुठभेड़ मामले में प्रिन्स खान गिरोह पर कड़ा प्रहार का निर्देश



ईद और रामनवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आदेश



पश्चिम बंगाल चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने के निर्देश



जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था पर विस्तृत समीक्षा



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



धनबाद।बोकारो रेंज के डीआईजी आनंद प्रकाश सोमवार को धनबाद समाहरणालय परिसर में पुलिस मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पुलिस मुख्यालय पहुंचने के बाद डीआईजी ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।



समीक्षा बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार के अलावा ग्रामीण एसपी कपील चौधरी,सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, मुख्यालय डीएसपी सहित जिले के कई अन्य डीएसपी मौजूद रहे।बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति,अपराध नियंत्रण की रणनीति,लंबित मामलों की प्रगति और पुलिस की कार्यशैली पर विस्तार से चर्चा की गई।



बैठक के दौरान डीआईजी आनंद प्रकाश ने रविवार को सरायढेला थाना क्षेत्र में कुख्यात प्रिन्स खान गिरोह के सदस्यों के साथ हुई मुठभेड़ की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मुठभेड़ की पूरी घटना,पुलिस कार्रवाई और फरार अपराधियों के बारे में अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की। डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गिरोह के फरार सदस्यों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा जिले में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए। डीआईजी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से ही आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।



इसके साथ ही बैठक में आगामी त्योहारों को लेकर भी विशेष चर्चा की गई।डीआईजी आनंद प्रकाश ने निर्देश दिया कि आने वाले ईद और रामनवमी पर्व को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, नियमित गश्ती बढ़ाई जाए तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए। डीआईजी ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या को तुरंत रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहे।



बैठक में पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डीआईजी आनंद प्रकाश ने निर्देश दिया कि बंगाल सीमा से सटे इलाकों में पुलिस की चौकसी और बढ़ाई जाए। सीमा क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



समीक्षा बैठक के अंत में डीआईजी  आनंद प्रकाश ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर संतोष जताया। डीआईजी ने अधिकारियों से कहा कि आगामी त्योहारों और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पुलिस और अधिक सतर्कता के साथ कार्य करे ताकि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।


ट्रेंडिंग