पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
बेंगाबाद।बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ)ने गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए भाकपा माओवादी के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान पंकज यादव और पवन सिंह के रूप में हुई। ये दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना अंतर्गत चरकापत्थर थाना कांड संख्या 143/25 में आरोपी थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इन पर एक पूर्व नक्सली लखन यादव की हत्या का भी आरोप है,जिसके बाद से वे भूमिगत थे। इनके खिलाफ बिहार के जमुई,चकाई, चरकापत्थर और अन्य थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।साथ ही झारखंड के कोडरमा और गिरिडीह तिसरी प्रखंड क्षेत्र में भी इनकी नक्सली गतिविधियां सक्रिय थीं।
गुप्त सूचना मिलने पर पटना एसटीएफ की टीम इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में बेंगाबाद पहुंची। बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के सहयोग से देर रात मंझलाटोल गांव (हरिला पंचायत) में घेराबंदी कर छापेमारी की गई। दोनों नक्सली एक रिश्तेदार के घर छिपे हुए थे,जहां से उन्हें बिना किसी प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार पंकज यादव जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिलकाखार गांव का निवासी है, जबकि पवन सिंह झारखंड के कोडरमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र के तांतीभागलपुर गांव का रहने वाला है।
एसटीएफ की टीम ने दोनों को पटना अपने साथ ले जाकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस को उम्मीद है कि इससे नक्सली नेटवर्क,उनके साथियों,हथियारों और अन्य गतिविधियों की महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। यह कार्रवाई बिहार-झारखंड सीमा पर नक्सलवाद के खिलाफ चल रही संयुक्त मुहिम में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।