पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चितरा,देवघर।ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के एसपी माइन्स चितरा एरिया में शनिवार को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव देखा गया।ईसीएल मुख्यालय सांतोरिया के आधिकारिक आदेश के बाद मदन मोहन कुमार ने नए क्षेत्र महाप्रबंधक के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार ग्रहण करने से चितरा कोलयरी में नई उम्मीदें जगी हैं।
विदाई समारोह में पांच कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई
पदभार ग्रहण से पूर्व आयोजित समारोह में निवर्तमान महाप्रबंधक अशोक कुमार आनंद की सेवानिवृत्ति पर उन्हें सम्मानित कर विदा किया गया,उनके साथ ही कोलियरी के चार अन्य कर्मी जलेश्वर मरांडी,गुहीराम महतो,भोलादास और माझी को भी उनकी सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने सभी निवर्तमान कर्मियों के निष्ठापूर्ण योगदान की सराहना की और उनके सुखद व स्वस्थ भविष्य की कामना की।
अनुभव और भविष्य की चुनौतियां
नवागत जीएम मदन मोहन कुमार इससे पूर्व ईसीएल मुख्यालय में महाप्रबंधक के महत्वपूर्ण पद पर तैनात थे। कार्मिक प्रबंधन और मानव संसाधन विकास में उनके लंबे अनुभव का लाभ अब चितरा की कार्यप्रणाली को मिलेगा। उनके सामने मुख्य रूप से तीन चुनौतियां होंगी।वित्तीय वर्ष के शेष समय में कोयला उत्पादन के लक्ष्यों को समय पर पूरा करना,स्थानीय विस्थापितों की मांगों और रोजगार के मुद्दों का त्वरित समाधान और सीएसआर मद से स्थानीय विकास कार्यों को नई गति प्रदान करना।
अधिकारी और मजदूर संगठनों की रही भारी मौजूदगी
इस खास मौके पर मुख्य रूप से एजेंट उमेश प्रसाद चौधरी, अधिकारी महापात्रा,तारा कांत मिश्रा,आशीष मिश्रा और बीके दत्ता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। वहीं मजदूर संगठनों की ओर से पशुपति कोल,राजेश राय, योगेश राय,सुबोध महतो,गुरुदेव भंडारी,बीरेंद्र मंडल और अभिषेक यादव सहित अन्य नेताओं ने नए जीएम का स्वागत किया।प्रशासनिक गलियारों में यह उम्मीद जताई जा रही है कि नए नेतृत्व के आने से प्रबंधन और श्रमिकों के बीच औद्योगिक संबंध और भी पारदर्शी व मजबूत होंगे।