पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के सिमरिया प्रखंड के कसारी स्थित करमाटांड़ जंगल में बीती 23 फरवरी को रेड बर्ड एयर एंबुलेंस की दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।इलाज के लिए दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस के हादसे में सात लोगों की दुखद मृत्यु हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में हैं।इस गंभीर मामले को सिमरिया विधायक उज्जवल दास ने विधानसभा में प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग की।
विधायक उज्ज्वल दास ने शून्यकाल के दौरान सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि एयर एंबुलेंस जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवा का दुर्घटनाग्रस्त होना अत्यंत चिंताजनक है और इसकी उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
सदन में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए विधायक उज्जवल दास ने कहा कि यह हादसा न केवल प्रभावित परिवारों, बल्कि पूरे सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। विधायक ने सरकार से मांग की कि मृतकों के परिजनों को समुचित और सम्मानजनक मुआवजा प्रदान किया जाए, जिससे वे इस कठिन समय में आर्थिक रूप से संभल सकें। साथ ही प्रत्येक मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की, ताकि पीड़ित परिवारों का भविष्य सुरक्षित हो सके और उन्हें स्थायी सहारा मिल सके।
विधायक उज्ज्वल दास ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और उनकी हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच पूरी कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बता दें कि इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल है।स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार से पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने, उचित मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि एयर एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि मरीजों और चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।