साहस और वीरता को मिला सम्मान,तीन एसआई बने इंस्पेक्टर,सिपाही बना एएसआई

साहस और वीरता को मिला सम्मान,तीन एसआई बने इंस्पेक्टर,सिपाही बना एएसआई

04 Sep 2026 |  20

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



धनबाद।साहस,वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण का परिचय देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले धनबाद जिले के तीन सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही को आउट ऑफ टर्म पदोन्नति दी गई।पुलिस विभाग ने इनके बेहतर कार्य और अदम्य साहस को देखते हुए पदोन्नति प्रदान कर इनके योगदान को सम्मानित किया।



पदोन्नति पाने वाले तीन सब इंस्पेक्टर में 2005 बैच के सदानंद सिंह, 2018 बैच के प्रभात रंजन राय और अर्जुन कुमार सिंह शामिल हैं।तीनों को इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत किया गया। वहीं वर्ष 2009 में बहाल सिपाही नवनीत नवल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए एएसआई के पद पर पदोन्नति दी गई।



एसएसपी कार्यालय में आयोजित पिपिंग सेरेमनी के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एस मोहम्मद याकूब ने पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को बैज लगाकर नई जिम्मेदारी के लिए सम्मानित किया। इस दौरान पदोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया।



मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं।एस‌एसपी ने सभी को भविष्य में भी पूरी निष्ठा,ईमानदारी और समर्पण के साथ पुलिस सेवा करने और जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।एसएसपी ने सभी के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर सेवाकाल की कामना करते हुए कहा कि इनके कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।



पिपिंग सेरेमनी के दौरान डीएसपी मुख्यालय 2  नाजिर अख्तर और डीएसपी मुख्यालय 1 कुमार विनोद सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।


ट्रेंडिंग