झांसी से जुड़ा माफिया अतीक अहमद के परिवार का ये कनेक्शन,असद का एनकाउंटर,जेल में अली और अब अबान की मौत

झांसी से जुड़ा माफिया अतीक अहमद के परिवार का ये कनेक्शन,असद का एनकाउंटर,जेल में अली और अब अबान की मौत

06 Aug 2026 |  10

 



झांसी।उत्तर प्रदेश का झांसी जिला एक बार फिर माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी बड़ी घटना का गवाह बना है।इसी झांसी में 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी माफिया अतीक अहमद के तीसरे बेटे असद अहमद का यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर किया था।अब लगभग तीन साल बाद इसी झांसी में अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है।आबान अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था,लेकिन पहले ही उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई।हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और आबान समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।यह सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं,बल्कि माफिया अतीक अहमद के परिवार की उस कहानी का नया अध्याय बन गया है,जिसमें पिछले कुछ वर्षों में एक के बाद एक बड़े घटनाक्रम सामने आते रहे हैं।



हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाईवे पर हुआ



हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाईवे पर हुआ।प्रयागराज से झांसी आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई,टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया।हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई।कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।घायलों में मोहम्मद जैद,उमर समेत अन्य शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया।दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।



भाई अली से मिलने जा रहा था आबान



आबान अहमद प्रयागराज से झांसी इसलिए निकला था।आबान का बड़ा भाई अली अहमद झांसी जेल में बंद है।आबान अली से मुलाकात करने जा रहा था।अली को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से सुरक्षा कारणों की वजह से झांसी जेल में शिफ्ट किया गया था।आबान अपने कुछ साथियों के साथ अली से मुलाकात के लिए रवाना हुआ था,लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आशंका तेज रफ्तार और क्रेटा कार के नियंत्रण खोने की जताई जा रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।



एक बार फिर सुर्खियों में झांसी



आबान की मौत के बाद झांसी का नाम एक बार फिर माफिया अतीक अहमद के परिवार के साथ जुड़ गया है।इससे पहले 13 अप्रैल 2023 को झांसी के पारीछा डैम के पास यूपी एसटीएफ ने अतीक के बेटे असद अहमद और उसके साथी मोहम्मद गुलाम का एनकाउंटर किया था।दोनों पर उमेश पाल हत्याकांड में शामिल होने का आरोप था और उन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था।यूपी एसटीएफ के मुताबिक दोनों को जिंदा पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की,जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों मारे गए,उस समय एसटीएफ ने बताया था कि असद और मोहम्मद गुलाम झांसी के आसपास छिपे हुए थे।लंबी निगरानी और तकनीकी सर्विलांस के बाद उनकी लोकेशन मिली थी।पारीछा डैम के पास हुई मुठभेड़ में दोनों के पास से विदेशी हथियार भी बरामद किए गए थे।असद की मौत उस समय पूरे देश में चर्चा का विषय बनी थी।अब तीन साल बाद झांसी फिर अतीक परिवार से जुड़ी एक और बड़ी घटना से सुर्खियों में है।



अतीक अहमद के पांच बेटों का हाल



प्रयागराज के रहने वाले पूर्व सांसद माफिया अतीक अहमद के पांच बेटे हैं।समय के साथ अतीक के परिवार की तस्वीर पूरी तरह बदल गई।उमर अहमद सबसे बड़ा बेटा है और जेल में बंद है,अली अहमद दूसरे नंबर का बेटा है,इसे नैनी जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था,असद अहमद तीसरे नंबर का बेटा था,जिसकी 2023 में झांसी में यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर में मार गिराया था।अहजम अहमद चौथे नंबर का बेटा है।आबान अहमद सबसे छोटा बेटा था,जिसकी अब सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।इस तरह अतीक के पांच बेटों में से एक की एनकाउंटर में और दूसरे की सड़क हादसे में जान मौत हो चुकी है।



सेंट जोसेफ कॉलेज का छात्र था आबान



जानकारी के मुताबिक आबान अहमद प्रयागराज के सेंट जोसेफ कॉलेज का छात्र था।परिवार में आबान सबसे छोटा होने के कारण खास माना जाता था।आबान अपने भाई अली से मिलने के लिए झांसी जा रहा था।झांसी पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी सड़क हादसे में खत्म हो गई।


ट्रेंडिंग