पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
चतरा। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में भूमि विवाद,आवास योजना,सामाजिक सुरक्षा पेंशन,राशन कार्ड,मंईयां सम्मान योजना,स्वास्थ्य,शिक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त रवि आनंद ने सभी मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त रवि आनंद ने जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी रितेश कुमार को जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण कर संबंधित विभागों को अग्रसारित करने और उनके निष्पादन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार के दौरान पत्थलगड्डा प्रखंड के बरवाडीह निवासी लगभग 63 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल रौफ ने उपायुक्त रवि आनंद को बताया कि राशन कार्ड होने के बावजूद उन्हें राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है।मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला आपूर्ति विभाग के संबंधित पदाधिकारी को जांच का निर्देश दिया।जांच के दौरान यह पाया गया कि लाभुक का केवाईसी लंबित होने के कारण राशन वितरण बाधित था। इसके उपरांत मौके पर ही लाभुक का केवाईसी पूर्ण कराते हुए समस्या का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया गया, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली।
समस्या के तत्काल समाधान पर मोहम्मद अब्दुल रौफ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
बता दें कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है।