पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार और जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में पतना प्रखंड भाजपा की मासिक बैठक सोमवार को दिग्घी में आयोजित हुई।बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष कुणाल किशोर ने की।बैठक में जिला मंत्री एवं प्रखंड प्रभारी उषा भारती विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के दिन होने के कारण और भी महत्वपूर्ण हो गई।डॉ. मुखर्जी जनसंघ के संस्थापक थे और एक देश में एक निशान,एक प्रधान,एक संविधान के प्रबल समर्थक रहे।
बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने उनके अखंड भारत के विचार और राष्ट्रभक्ति को याद किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री उषा भारती ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित था। कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए उन्होंने जो बलिदान दिया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। साथ ही डॉ. मुखर्जी के जीवन दर्शन को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। बैठक में प्रखंड महामंत्री रोहित कुमार, रोबिन कुमार, अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।