तमिलनाडु से सकुशल लौटे धनबाद के 12 श्रमिक,रेलवे स्टेशन पर फूलमाला पहनाकर किया स्वागत,विशेष वाहन से गंतव्य के लिए हुए रवाना
तमिलनाडु से सकुशल लौटे धनबाद के 12 श्रमिक,रेलवे स्टेशन पर फूलमाला पहनाकर किया स्वागत,विशेष वाहन से गंतव्य के लिए हुए रवाना
03 Jul 2026 | 7
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
धनबाद।तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना से प्रभावित धनबाद जिले के रेस्क्यू किए गए सभी 12 श्रमिक गुरुवार को एलेप्पी एक्सप्रेस से धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे।उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार ने सभी 12 श्रमिकों का फूल माला पहनकर स्वागत किया,उनके भोजन-पानी की व्यवस्था की।विशेष वाहन से सभी को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार ने बताया कि तमिलनाडु से बाघमारा के 6, तोपचांची के 3, धनबाद के 2 एवं निरसा प्रखंड के 1 सहित 12 श्रमिक सकुशल धनबाद लौट आए। सभी श्रमिकों को सुरक्षित रूप से उनके संबंधित प्रखंड के लिए विशेष वाहन से रवाना किया गया।
बता दें कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स फैसिलिटी में 21 जून को अमोनिया गैस रिसाव की दुःखद औद्योगिक दुर्घटना हुई थी। इसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों और राज्य प्रवासी श्रमिक नियंत्रण कक्ष को स्पष्ट आदेश दिया था कि प्रभावित झारखण्ड के सभी प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित और सकुशल गृह वापसी के लिए तत्काल हर संभव कदम उठाए जाएं। सीएम सोरेन के आदेश का पालन करते हुए श्रम, नियोजन,प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के सचिव व श्रमायुक्त के मार्गदर्शन में नियंत्रण कक्ष ने तिरुवल्लूर जिला प्रशासन, तमिलनाडु श्रम विभाग, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे तथा अस्पताल प्रशासन के साथ चौबीसों घंटे समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू और राहत अभियान चलाया।अलप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस में झारखण्ड के श्रमिकों के लिए एक विशेष स्लीपर कोच स्वीकृत किया गया। इसके बाद मंगलवार को धनबाद के 12 सहित सभी 42 श्रमिकों ने चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से सकुशल झारखण्ड के लिए प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान इन श्रमिकों के लिए पैंट्री कार के माध्यम से भोजन-पानी तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त रेलवे सुरक्षा बल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई।