पूर्वांचल सूर्य संवाददाता
पाकुड़।शहीद अमरजीत बलिहार की 13वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित अमरजीत बलिहार पार्क एवं अमरजीत बलिहार चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।इस अवसर पर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों,जवानों और शहीदों के परिजनों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह,उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल,अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन,उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी,मुख्यालय डीएसपी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिले के अन्य प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी,पुलिस जवान और शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि शहीद अमरजीत बलिहार ने नक्सलवाद के विरुद्ध साहसपूर्वक संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक जवान के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए शहीद होना सर्वोच्च गौरव की बात है। शहीदों के अधूरे सपनों को साकार करना तथा उनके आदर्शों पर चलते हुए अपराध एवं उग्रवाद मुक्त समाज का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनका त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
बता दें कि वर्ष 2013 में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के साथ उनके अंगरक्षक चंदन कुमार थापा,अशोक कुमार श्रीवास्तव,मनोज कुमार हेंब्रम,राजीव कुमार शर्मा और संतोष कुमार मंडल भी वीरगति को प्राप्त हुए थे। राष्ट्र की रक्षा में उनके अद्वितीय बलिदान के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुलिस प्रशासन द्वारा शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक,अपर समाहर्ता एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी ने शाल ओढ़ाकर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया तथा उनके प्रति गहरी संवेदना और सम्मान व्यक्त किया।