चिन्मय अमृत यात्रा का बोकारो में भव्य स्वागत,तैयारियां अंतिम चरण में

चिन्मय अमृत यात्रा का बोकारो में भव्य स्वागत,तैयारियां अंतिम चरण में

26 Jun 2026 |  15

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



बोकारो।चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विश्वभर में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है।इसी क्रम में शुरू हुई चिन्मय अमृत यात्रा का तीन और चार जुलाई को चिन्मय विद्यालय बोकारो में भव्य आगमन होगा। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक यात्रा के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।



चिन्मय मिशन बोकारो की आवासीय आचार्या स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती,विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय,सचिव महेश त्रिपाठी,कोषाध्यक्ष आरएन मलिक,प्राचार्य सूरज शर्मा,वरीय उप प्राचार्य नरेंद्र कुमार और उप प्राचार्य डॉक्टर रोशन शर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों,पूर्व छात्रों और शहरवासियों से इस गौरवशाली अवसर में शामिल होने की अपील की है। 



पुणे से प्रारंभ हुई यह यात्रा श्रीमद्भगवद्गीता के कालातीत ज्ञान और पूज्य गुरुदेव स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश लेकर चल रही है। मिशन के अनुसार यह यात्रा 295 दिनों से अधिक और 35 हजार किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेगी। यह आयोजन श्रद्धालुओं को गुरुदेव के जीवन,विचारों और आध्यात्मिक संदेशों से प्रेरणा प्राप्त करने का दुर्लभ अवसर प्रदान करेगा।


ट्रेंडिंग