जिरवाबाड़ी में सड़क पर फेंके जा रहे मछली के अवशेष,दुर्गंध से लोग परेशान,नगर परिषद से की कार्रवाई की मांग

जिरवाबाड़ी में सड़क पर फेंके जा रहे मछली के अवशेष,दुर्गंध से लोग परेशान,नगर परिषद से की कार्रवाई की मांग

26 Jun 2026 |  12

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



साहिबगंज।नगर परिषद क्षेत्र के जिरवाबाड़ी बाजार में पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे मछलियों के अवशेष और अन्य कचरा फेंके जाने से स्थानीय लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं। दुर्गंध और गंदगी के कारण राहगीरों,दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है।नाराज लोगों ने नगर परिषद से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।



स्थानीय लोगों का आरोप है कि मछली बाजार से निकलने वाले अवशेषों को निर्धारित स्थान पर निस्तारित नहीं किया जाता।नगर परिषद की सफाई टीम भी मछली के अवशेष नहीं उठाती,जिससे कई दिनों तक सड़क किनारे गंदगी का अंबार लगा रहता है।सड़कों पर पड़े सड़ते अवशेषों से तेज दुर्गंध फैलती है।इसके कारण मक्खियों और आवारा पशुओं का जमावड़ा लग जाता है,जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। 



दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक दुर्गंध के कारण बाजार आने से कतराते हैं।स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि मछली बाजार क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था की जाए। विशेष सफाई अभियान चलाकर अवशेषों का समय पर उठाव हो,ताकि लोगों को दुर्गंध और बीमारियों से राहत मिले। 



लोगों का कहना है कि यह समस्या सिर्फ जिरवाबाड़ी की नहीं है।जिले के लगभग सभी सार्वजनिक बाजारों में जहां मछली बेची जाती है,वहीं अवशेष खुले में फेंक दिए जाते हैं।लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान कर बाजार क्षेत्र को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की मांग की है।


ट्रेंडिंग