उपायुक्त ने डिजिटल कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी,गांव-गांव पहुंचकर किसानों को देगा कृषि योजनाओं की जानकारी

उपायुक्त ने डिजिटल कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी,गांव-गांव पहुंचकर किसानों को देगा कृषि योजनाओं की जानकारी

20 Jun 2026 |  15

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



चतरा।जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकार द्वारा संचालित कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे गांव स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से डिजिटल कृषि रथ को उपायुक्त रवि आनंद द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को कृषि,पशुपालन और मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएगा।



चतरा जिले में कुल दो डिजिटल कृषि रथ संचालित किए जा रहे हैं,जो दिनांक 19 जून से 3 जुलाई तक सभी प्रखंडों की पंचायतों में भ्रमण करेंगे।कृषि रथ में स्थापित आधुनिक प्रोजेक्टर और ऑडियो-वीडियो प्रणाली के माध्यम से किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, उन्नत कृषि पद्धतियों, प्राकृतिक खेती,फसल विविधीकरण,पशुपालन,मत्स्य पालन और कृषि यंत्रीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी।



इस दौरान किसानों को बीज वितरण कार्यक्रम,कृषि यंत्र अनुदान योजना,मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन,जल संरक्षण और अन्य कृषि आधारित योजनाओं के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।



उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है।डिजिटल कृषि रथ किसानों को नवीनतम कृषि जानकारियों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उपायुक्त ने किसानों से अपील किया कि रथ के अपने क्षेत्र में पहुंचने पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।



बता दें कि डिजिटल कृषि रथ के माध्यम से संचालित यह जागरूकता अभियान जिले में कृषि विकास को नई गति प्रदान करने के साथ-साथ किसानों को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार,जिला कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित आत्मा के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं विभागीय कर्मी उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग