पीएम मोदी का बरेका से विश्वनाथ धाम तक रोड शो, ढोल-नगाड़े और शंखनाद से गूंज उठी काशी,पीएम की एक झलक पाने को बेताब रहे लोग

पीएम मोदी का बरेका से विश्वनाथ धाम तक रोड शो, ढोल-नगाड़े और शंखनाद से गूंज उठी काशी,पीएम की एक झलक पाने को बेताब रहे लोग

29 Apr 2026 |  55

 



वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे।बरेका से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक पीएम मोदी रोड शो करते हुए पहुंचे।इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का फूल बरसा कर स्वागत किया। छह जगहों पर पीएम मोदी का ढोल-नगाड़े और शंखनाद के बीच स्वागत किया गया।काशी विश्वनाथ मंदिर में पीएम मोदी ने षोडशोपचार पूजा की और त्रिशूल और डमरू दिखाकर बाबा के भक्तों का अभिवादन किया।



स्कूली बच्चों ने खास तरीके से किया पीएम का स्वागत



बरेका से विश्वनाथ धाम तक पीएम मोदी के स्वागत के लिए छह प्वॉइंट बनाए गए थे।बनारस रेलवे स्टेशन के सामने पीएम मोदी के स्वागत के लिए कई छात्र-छात्राएं भी पहुंचे। इनके हाथ में पीएम मोदी के लिए कुछ संदेश वाला पोस्टर दिखा। बच्चों ने कहा पीएम मोदी को देने के लिए छोटा सा गिफ्ट लेकर आए हैं।



पीएम का स्वागत कर प्रसन्न हुए लोग



लहुराबीर चौराह पर पीएम मोदी का एनसीसी कैडेट्स और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों में काफी उत्साह दिखा।पीएम मोदी का स्वागत कर एनसीसी कैडेट्स और महिलाएं काफी खुश नजर आईं। 



पीएम मोदी के रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह



पीएम मोदी के रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखा। पीएम मोदी के स्वागत के लिए जगह-जगह प्वॉइंट बनाए गए थे। इन स्थानों पर सुबह से ढोल- नगाड़े बजाए जा रहे थे। पुलिस लाइन चौराहे पर कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का स्वागत किया। 



रोड शो को लेकर सतर्क रही पुलिस 



पीएम मोदी के रोड शो को लेकर पुलिस सतर्क रही।सुबह अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने मैदागिन से काशी विश्वनाथ तक निरीक्षण किया। रोड शो के दौरान वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई थी। पीएम मोदी की फ्लीट निकलने से पहले ही रास्ता खाली कराया गया।



पीएम की सुरक्षा के पुख्ता रहे इंतजाम



पीएम मोदी के रोड शो के लिए मैदागिन से श्री काशी विश्वनाथ धाम तक ट्रैफिक जीरो किया गया। पैदल चलने वालों को भी सड़क से हटाया गया। वहीं बाबा कालभैरव जाने वाले रास्तों पर भी ट्रैफिक रोक दिया गया था। पुलिस लाइंस से जेल रोड पर स्थानीय लोगों को रोक दिया गया। इस पूरे इलाके को कुछ देर के लिए नो बाइक जोन भी बना दिया गया था।  



विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पर भी लगी रोक 



पीएम मोदी के आगमन को लेकर काशी विश्वनाथ धाम में कुछ समय के लिए सुगम दर्शन पर भी रोक लगाई गई। वहीं गेट नंबर चार पर भाजपा कार्यकर्ता और नेता पीएम मोदी के स्वागत के लिए मौजूद रहे। गोदौलिया चौक से चार नंबर गेट तक जीरो ट्रैफिक किया गया था। 



पीएम की एक झलक पाने को बेताब रहे लोग



पुलिस लाइन मार्ग पर स्थानीय लोग अपने घरों की बालकनी और खिड़कियों से पीएम मोदी को देखने के लिए व्याकुल रहे। यहां सुबह से लोग पीएम मोदी के आने का इंतजार कर रहे थे।



शंख,ध्वनि की गूंज के बीच पीएम का मंदिर में प्रवेश



पीएम मोदी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में 51 ब्राह्मणों की शंख, ध्वनि की गूंज के बीच प्रवेश किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयकारे लगाए गए। 



पीएम ने हाथ जोड़कर किया अभिवादन



पीएम मोदी काशी विश्वनाथ धाम परिसर में गाड़ी से उतरे तो डमरूओं के निनाद से उनका स्वागत किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर बाबा के भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया।



पीएम मोदी ने की षोडशोपचार पूजा



श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में गर्भ गृह में पंडित ओम प्रकाश मिश्र सहित पांच ब्राह्मणों ने पीएम मोदी को षोडशोपचार विधि से पूजा कराई। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।  



त्रिशूल और डमरू दिखाकर किया भक्तों का अभिवादन



पीएम मोदी ने दूसरी बार काशी विश्वनाथ मंदिर में त्रिशूल और डमरू दिखाकर बाबा के भक्तों का अभिवादन किया। इस दौरान श्रद्धालु काफी प्रसन्न दिखे। उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।  

 

पीएम मोदी ने नन्हे-मुन्हें बच्चों से किया संवाद



पीएम मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम परिसर में आए बच्चों से बातचीत की। पीएम मोदी ने बच्चों से कुछ पूछा तो वे मुस्कुराते दिखे। वहीं मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु पीएम मोदी की झलक पाकर प्रसन्न दिखे।


ट्रेंडिंग