देवघर में 3 मई को चार केंद्रों पर होगी नीट परीक्षा,सुरक्षा के कड़े इंतजाम

देवघर में 3 मई को चार केंद्रों पर होगी नीट परीक्षा,सुरक्षा के कड़े इंतजाम

29 Apr 2026 |  15

देवघर में 3 मई को चार केंद्रों पर होगी नीट परीक्षा,सुरक्षा के कड़े इंतजाम



​उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक,कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए मजिस्ट्रेट और सीसीटीवी से रखी जाएगी पैनी नजर



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



​देवघर। 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा के सफल और कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



​इन चार केंद्रों पर होगी परीक्षा



​उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि नीट परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी।केंद्रों की सूची इस प्रकार है।​एएस कॉलेज (साइंस ब्लॉक), महावीर कॉलोनी देवघर,​देवघर कॉलेज देवघर,​रामा देवी बाजला महिला महाविद्यालय कास्टेयर्स टाउन देवघर,​पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय रिखिया देवघर।



​फ्रिस्किंग और सुरक्षा पर विशेष जोर



​परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कड़े सुरक्षा मानकों के निर्देश दिए हैं।केंद्र के मुख्य द्वार पर ही पुरुष और महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी।मोबाइल फोन,स्मार्ट वॉच,ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को केंद्र के भीतर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।साथ ही‌ सभी केंद्रों की सीसीटीवी से निरंतर निगरानी की जाएगी।



​मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात,केंद्रों पर मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं



​उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने संबंधित अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर वहां बिजली,पानी और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।परीक्षा अवधि के दौरान पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट निरंतर सक्रिय रहेंगे और केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखेंगे। केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि फ्रिस्किंग (तलाशी) के दौरान कोई भी लापरवाही न बरती जाए।



​बैठक में इनकी रही उपस्थिति



समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उपविकास आयुक्त पीयूष कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार, यातायात पुलिस प्रभारी लक्षमण प्रसाद, सार्जेंट मेजर रौशन मरांडी सहित सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग