रक्षा राज्य मंत्री की पहल पर शुरू हुआ नमो स्टॉल का वितरण

रक्षा राज्य मंत्री की पहल पर शुरू हुआ नमो स्टॉल का वितरण

29 Apr 2026 |  11

रक्षा राज्य मंत्री की पहल पर शुरू हुआ नमो स्टॉल का वितरण



संवेदनशील सांसद गरीबों का दर्द समझते हैं:आदित्य साहू



पीएम की प्रेरणा से जारी रहेगा यह अभियान:संजय सेठ



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता 



रांची।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से फुटपाथ पर फल और सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को रांची में एक पहल की गई। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रयास से नमो स्टॉल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।



इस अवसर पर रांची के फल और सब्जी विक्रेताओं को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए।स्टॉल प्राप्त करते ही फल और सब्जी विक्रेताओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी। प्रथम चरण में पांच विक्रेताओं को स्टॉल के साथ-साथ सब्जी और फल तौलने की मशीन भी प्रदान की गई, जिससे उनके व्यवसाय को बेहतर और व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।



कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने फल और सब्जी विक्रेताओं को स्टॉल वितरित किए। आदित्य साहू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गरीब का दर्द गरीब ही समझ सकता है और संजय सेठ एक संवेदनशील सांसद हैं,उनकी यह पहल न केवल सराहनीय है, बल्कि इससे रांची के फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले भाई-बहनों को सुविधा और उनके कार्य को गति मिलेगी। प्रदेश भाजपा के महामंत्री पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे सड़क के किनारे सब्जी बेचने वालों का जीवन सुगम होगा। 



इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि रेहड़ी-पटरी वाले हमारे शहरी अर्थतंत्र की रीढ़ हैं।उनका सशक्त होना शहरों के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। संजय सेठ ने बताया कि प्रत्येक स्टॉल की लागत लगभग 50 हजार रुपये है और प्रथम चरण में पांच लाभार्थियों को स्टॉल प्रदान किए गए हैं। आने वाले समय में रांची के विभिन्न क्षेत्रों में और भी स्टॉल वितरित किए जाएंगे।



संजय सेठ ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महानगरों की तर्ज पर रांची में भी गली-मोहल्लों तक फल एवं सब्जी विक्रेताओं की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करना, शहर को स्वच्छ बनाए रखना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है। इसके लिए विक्रेताओं की एक विस्तृत सूची तैयार की जा रही है, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।



कार्यक्रम में रांची के विधायक सीपी सिंह,प्रदेश भाजपा मंत्री  योगेंद्र प्रताप और अमित कुमार,मेयर रोशनी खलखो,डिप्टी मेयर नीरज कुमार,पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू सहित भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे। 



प्रथम चरण में स्टॉल प्राप्त करने वाले लाभार्थी।मेट्रो गली के राकेश कुमार वर्मा,मधुकम चौक के अरविंद कुमार जायसवाल,कटहल मोड़ की मालती देवी,चुटिया की अनीता देवी और करमटोली चौक के राजेश टोप्पो। बता दें कि यह पहल रांची में छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


ट्रेंडिंग