उपायुक्त ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में लापरवाही पर जताई नाराजगी,नामांकन एवं उपस्थिति बढ़ाने पर दिया जोर

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में लापरवाही पर जताई नाराजगी,नामांकन एवं उपस्थिति बढ़ाने पर दिया जोर

17 Apr 2026 |  10

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



चतरा।समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की सभी इकाइयों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के वार्डेन-सह-शिक्षिका और लेखापाल-सह-कम्प्यूटर ऑपरेटर को आवश्यक निर्देश दिए गए।



उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने निर्देश दिया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत छात्राओं का जिला नामांकन समिति द्वारा अनुमोदित सूची के अनुरूप अभिभावकों से संपर्क स्थापित करते हुए एक सप्ताह के भीतर रिक्त सीटों पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। जिन अभिभावकों से मोबाइल के माध्यम से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि अन्य माध्यमों से संपर्क स्थापित कर नामांकन पूर्ण कराया जा सके।



बैठक के दौरान प्रखंड गिद्धौर एवं मयूरहण्ड में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर छात्र उपस्थिति जिले में न्यूनतम पाए जाने पर उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी स्तर से मयूरहण्ड के विद्यालयों की समीक्षा कराने का निर्देश दिया।



प्रधानमंत्री पोषण योजना (मध्याह्न भोजन) के अंतर्गत चतरा एवं हंटरगंज के ऐसे विद्यालय, जहां ई-एमआईएस/एमडीएम प्रविष्टि नियमित रूप से नहीं की जा रही है, उनकी भी अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा समीक्षा कराने का निर्देश दिया गया।



विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने हेतु उप विकास आयुक्त एवं आरबीएसके के साथ समन्वय स्थापित कर बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया, ताकि नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जा सके।



इसके अतिरिक्त उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने निर्देश दिया कि जिन छात्र-छात्राओं का आधार एवं जन्म प्रमाण पत्र बन चुका है, उनका बैंक खाता खोलने हेतु संबंधित बैंकों में अनिवार्य रूप से आवेदन कराया जाए।



आयोजित बैठक में उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्र, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राकेश कुमार पाण्डेय, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी विनय कुमार सहित जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग