पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
धनवार।बुधवार को धनवार में फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर आए बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।अपराधियों ने स्वर्ण आभूषण कारीगर हरिहर साव से 20 से 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए और उन्हें अपने साथ अगवा कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार हरिहर साव के घर के बाहर काले शीशे वाली एक स्कॉर्पियो गाड़ी आकर रुकी।गाड़ी से वर्दी पहने एक व्यक्ति और सूट-बूटधारी व्यक्ति समेत कई लोग उतरे और खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए जांच करने की बात कही।जांच के दौरान बदमाशों ने जेवरात से संबंधित कागजात की मांग की।कागजात नहीं दिखाने पर उन्होंने सोने-चांदी के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद अपराधियों ने हरिहर साव को जबरन अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए।
घटना के बाद परिजनों को संदेह हुआ और वे धनवार थाना पहुंचे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कोई जीएसटी टीम क्षेत्र में नहीं आई थी,जिससे मामला फर्जीवाड़ा साबित हुआ। बाद में सूचना मिली कि बदमाश हरिहर साव को देवघर स्थित एम्स के पास छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।