चितरा कोलियरी में आंदोलन का बिगुल,प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ आरपार की लड़ाई का ऐलान 

चितरा कोलियरी में आंदोलन का बिगुल,प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ आरपार की लड़ाई का ऐलान 

07 Mar 2026 |  5

चितरा कोलियरी में आंदोलन का बिगुल,प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ आरपार की लड़ाई का ऐलान 



पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने दी चेतावनी,मांगे पूरी नहीं हुई तो होगा चक्का जाम,स्थानीय मजदूरों के रोजगार पर संकट



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चितरा,देवघर।चितरा कोलियरी के ओपन कास्ट माइन्स में कैजुअल मजदूरों,स्थानीय ट्रक मालिकों और डीओ होल्डर्स की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान रणधीर सिंह ने प्रबंधन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए स्पष्ट किया कि अब मजदूरों के हक के लिए आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।



प्रबंधन की लचर नीतियों से भुखमरी की स्थिति



बैठक को संबोधित करते हुए रणधीर सिंह ने कहा कि प्रबंधन की गलत और लचर नीतियों के कारण चितरा कोलियरी से जुड़े कैजुअल मजदूर,अड़खा मजदूर और स्थानीय ट्रक मालिक आज दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं।रणधीर सिंह ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों को रोजगार देने के बजाय ऐसी परिस्थितियां पैदा की जा रही हैं,जिससे उनका काम छिन रहा है।



प्रमुख मांगें जिन पर आरपार की जंग



पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने प्रबंधन के समक्ष प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी हैं,इसमें शर्मा ट्रांसपोर्ट कंपनी को तत्काल प्रभाव से टर्मिनेट किया जाए,ओबी हटाने का काम निजी कंपनियों के बजाय डिपार्टमेंटल मशीनों से शुरू हो ताकि स्थानीय लोगों को काम मिल सके।फेस में फंसे कोयले को जल्द निकालकर कोल डंप में लाया जाए ताकि डीओ होल्डर्स और ट्रक मालिकों का व्यवसाय पुनः शुरू हो।



ग्रेडिंग में सुधार से बढ़ेगा मुनाफा



रणधीर सिंह ने एक तकनीकी सुझाव देते हुए कहा कि यदि दमगाढ़ा पैच के कोयले का ग्रेड जी5 या जी6 निर्धारित कर दिया जाए तो इसकी बिक्री में भारी उछाल आएगा। इससे न केवल मजदूरों को निरंतर काम मिलेगा,बल्कि चितरा कोलियरी का मुनाफा भी ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच जाएगा।



प्रबंधन की होगी चक्का जाम की जिम्मेदारी



प्रबंधन को अंतिम चेतावनी देते हुए पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि अगर इन मांगों पर अविलंब गौर नहीं किया गया, तो क्षेत्र में एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा। रणधीर सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि आने वाले समय में चितरा कोलियरी का चक्का जाम होगा और किसी भी प्रकार की औद्योगिक अशांति के लिए पूरी तरह से प्रबंधन उत्तरदायी होगा।


ट्रेंडिंग