डीसी के निर्देशानुसार रांची जिला के अंचलों में जनता दरबार आयोजित,कई लोगों की शिकायतों का हुआ ऑन द स्पॉट निष्पादन
डीसी के निर्देशानुसार रांची जिला के अंचलों में जनता दरबार आयोजित,कई लोगों की शिकायतों का हुआ ऑन द स्पॉट निष्पादन
15 Oct 2025 | 24
पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार जिले के सभी अंचलों में प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की स्थापना और राजस्व संबंधित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना है। मंगलवार को भी जिले के सभी अंचलों में जनता दरबार का आयोजन किया गया,जिसमें विभिन्न प्रकार के राजस्व एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित कार्यों का निष्पादन किया गया। दाखिल खारिज,करेक्शन स्लिप निर्गमन,सीमांकन,भूमि विवाद निपटारा और भूमि अभिलेख का सत्यापन एवं सुधार, जाति,आय,निवास,पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र निर्गत करने का कार्य जनता दरबार में किया गया।
गौरतलब है कि उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनता दरबार को नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनाया जाए। किसी भी नागरिक को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े।पारदर्शिता,जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा सर्वाेच्च प्राथमिकता हो।जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार के माध्यम से नागरिकों को उनके अधिकारों और सरकारी सेवाओं तक सरल, त्वरित एवं पारदर्शी पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। यह पहल सुशासन, जवाबदेही और जन-सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।