उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने कुंदा प्रखंड के विभिन्न स्थलों का किया दौरा,दिए आवश्यक निर्देश

उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने कुंदा प्रखंड के विभिन्न स्थलों का किया दौरा,दिए आवश्यक निर्देश

07 Sep 2025 |  299

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।उपायुक्त कीर्ति श्री जी ने शनिवार को कुंदा प्रखंड के महादेव मठ मंदिर परिसर और उसके आसपास चल रही परियोजनाओं की समीक्षा की। उपायुक्त ने कहा कि महादेव मठ धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण स्थल है,जिसे पर्यटन के क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।महादेव मठ परिसर में मनरेगा पार्क निर्माण और सीसीटीवी कैमरा लगाने पर सहमति बनी। इसके बाद, उपायुक्त ने ऐतिहासिक राजा किला का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से इसके संरक्षण एवं विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।



 



उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया,जहां छात्रों के लिए आयोजित प्रोजेक्ट रेल परीक्षा(अधिगम में सुधार हेतु नियमित मूल्यांकन) की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। बता दें कि प्रोजेक्ट रेल परीक्षा एक नियमित मूल्यांकन प्रणाली है,जिसके अंतर्गत बच्चों की अध्ययन प्रगति का साप्ताहिक या मासिक आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। इसका उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक दक्षता को पहचानना और उनकी कमियों को दूर करना है। 



 



निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली और उन्हें कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन ने बताया कि बरसात के दिनों में भवन अधूरा रहने के कारण लड़कियों को पढ़ाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विद्यालय परिसर का निरीक्षण करने के बाद उपायुक्त ने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की बात कही और लड़कियों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।



 



उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने जेएसएलपीएस के सखी मंडल द्वारा संचालित टमाटर की खेती का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने मंडल की महिलाओं से बात की और उनकी आय बढ़ाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उपायुक्त ने सखी मंडल द्वारा संचालित बीसी संचालन केंद्र का भी निरीक्षण किया और उसकी गतिविधियों की जानकारी ली।



 



निरीक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ चतरा जहूर आलम, प्रखंड विकास अधिकारी कुंदा साकेत कुमार सिन्हा, अंचलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, प्रखंड प्रमुख कमला देवी, पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया, वार्ड सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद थे।


ट्रेंडिंग