पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गढ़वा के बाद राजधानी रांची को भी गुरुवार को बड़ी सौगात दी।गडकरी ने रातू रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन किया।इससे पहले राजधानी रांची पहुंचने पर नितिन गडकरी पर फूलों की बारिश की गयी।इस स्वागत से केंद्रीय गडकरी बहुत खुश नजर आए।
बता दें कि राजधानी रांची के रातू रोड एलीवेटेड कॉरिडोर के निर्माण पर लगभग 560 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।नितिन गडकरी ने गुरुवार को झारखंड में 6300 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
नितिन गडकरी ने इन योजनाओं का किया लोकार्पण
नागा बाबा खटाल से नितिन गडकरी ने झारखंड को 6300 करोड़ रुपए का तोहफा दिया। गडकरी ने 1900 करोड़ की लागत से पलमा से गुमला तक बने फोर लेन,560 करोड़ रुपए की लागत से राजधानी रांची में रातू रोड पर बने एलिवेटेड कॉरिडोर, 70 करोड़ की लागत से बने बाराहाट से तुलसीपुर खंड तक 2 लेन पेव्ड शोल्डर के चौड़ीकरण, 825 करोड़ की लागत से बने बरही-कोडरमा खंड फोर लेन, 100 करोड़ की लागत वाली गोड्डा से सुंदरपहाड़ी खंड तक 2 लेन पेव्ड शोल्डर के चौड़ीकरण, 20 करोड़ की लागत से गिरिडीह शहर में सड़क के चौड़ीकरण और 1130 करोड़ की लागत से शंखा से खजुरी तक बने फोर लेन सड़क का लोकार्पण किया।
इन योजनाओं का नितिन गडकरी ने किया शिलान्यास
नितिन गडकरी ने 285 करोड़ रुपए की लागत वाली दामोदर नदी पर हाई लेवल पुल और भौरा रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर आरओबी के निर्माण, 95 करोड़ की लागत वाले मुर्गाताल से मानपुर खंड तक 2 लेन पेव्ड शोल्डर के चौड़ीकरण, 35 करोड़ की लागत से सिमडेगा जिले में 8 हाई लेवल पुलों के निर्माण और 1330 करोड़ रुपए की लागत से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा से गुमला तक 4 लेन सड़क का शिलान्यास किया।