हर-हर महादेव की गूंज से गूंजेगा साहिबगंज,आज से शुरू हो रहा पावन सावन,चार सोमवारी-पांच शुक्रवारी का दुर्लभ संयोग

हर-हर महादेव की गूंज से गूंजेगा साहिबगंज,आज से शुरू हो रहा पावन सावन,चार सोमवारी-पांच शुक्रवारी का दुर्लभ संयोग

30 Jul 2026 |  15

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



साहिबगंज।भक्ति और आस्था का महीना सावन आज 30 जुलाई से शुरू हो गया है।सावन माह को लेकर शहर से गांव तक हर मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।जिला मुख्यालय से लेकर गांव-देहात तक सभी शिवालयों में साफ-सफाई,रंगाई-पुताई,एलईडी झालर और फूलों से श्रृंगार और सजावट का काम अंतिम चरण में है।पहले सोमवार की सुबह से ही बम-बम भोले‌ और हर-हर महादेव‌ के जयकारों से पूरा जिला गूंज उठेगा। इसके साथ ही पूरे जिले में भक्ति की बयार बहेगी। हर शिवालय को दुलहन की तरह सजाने की तैयारी चल रही है।



ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार सावन में चार सोमवारी और पांच शुक्रवारी का दुर्लभ योग बन रहा है।इसे भक्तों के लिए विशेष फलदायी माना जा रहा है। ऐसा संयोग बहुत कम देखने को मिलता है। इसीलिए इस बार पूजा का महत्व और भी बढ़ गया है। हर सोमवार को मंदिरों में रुद्राभिषेक, जलाभिषेक,महाश्रृंगार और देर रात तक विशेष आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों ने पंक्ति, सुरक्षा, पेयजल और बैठने की व्यवस्था पुख्ता कर ली है।



मिनी बाबाधाम के नाम से प्रसिद्ध बरहेट प्रखंड स्थित बाबा गजेश्वरनाथ धाम में सबसे बड़ी तैयारियां चल रही हैं।इसके अलावा तालझारी प्रखंड स्थित बाबा मोतीनाथ धाम,जैप- 9 स्थित कृपाशंकर पहाड़ी बाबा मंदिर,नगर थाना स्थित प्राचीन शिव मंदिर, पुलिस लाइन स्थित शिवालय समेत जिले के सैकड़ों छोटे-बड़े शिवालयों को आकर्षक रोशनी, एलईडी और झालरों से सजाया जा रहा है। कई जगहों पर संध्या आरती के साथ प्रत्येक दिन भजन-कीर्तन और सोमवार पर विशेष पूजा-अर्चना की भी तैयारी है।



 सावन में जलाभिषेक के लिए निकलने वाले कांवरियों के लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने सेवा शिविर लगाने शुरू कर दिए हैं। इन शिविरों में कांवरियों को मुफ्त शरबत, भोजन, ठहरने और प्राथमिक उपचार की सुविधा मिलेगी।



सावन के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव को गंगाजल,दूध,दही, शहद,बेलपत्र,धतूरा,दही,भांग,बेलपत्र और फूल अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना करेंगे।शाम को शिवलिंग का फूलों से किया जाने वाला महाश्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंदिर समितियों का कहना है कि इस बार सावन में श्रद्धालुओं की संख्या पिछली बार से दोगुनी होने की संभावना है।


ट्रेंडिंग