एस‌आईआर अभियान में कसमार में तेज हुई रफ्तार,फील्ड निरीक्षण से बढ़ी जवाबदेही

एस‌आईआर अभियान में कसमार में तेज हुई रफ्तार,फील्ड निरीक्षण से बढ़ी जवाबदेही

06 Jul 2026 |  23

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि



कसमार/बोकारो। विशेष गहन पुनरीक्षण (एस‌आईआर) अभियान के तहत रविवार को कसमार प्रखंड में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने विभिन्न मतदान क्षेत्रों का फील्ड निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे एन्यूमरेशन फॉर्म (EF) वितरण, प्रपत्र संग्रहण एवं डिजिटलीकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।



निरीक्षण के दौरान नरेंद्र कुमार सिंह ने संबंधित बीएलओ और सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाना सुनिश्चित करें।साथ ही प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटलीकरण और ऑनलाइन अपलोड में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता शत-प्रतिशत ईएफ वितरण और सटीक डिजिटल रिकॉर्ड पर निर्भर करती है।



समीक्षा के क्रम में मतदान क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी ली गई तथा जिन क्षेत्रों में कार्य अपेक्षाकृत धीमा पाया गया, वहां अतिरिक्त प्रयास कर निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी बीएलओ को मतदाताओं से नियमित संपर्क बनाए रखने एवं किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने नहीं देने को कहा गया।



नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा,विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को सुदृढ़ करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सभी बीएलओ पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ घर-घर जाकर ईएफ का वितरण करें, प्रपत्र प्राप्त करें तथा उनका समय पर डिजिटलीकरण सुनिश्चित करें। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो।



नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एस‌आईआर अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।


ट्रेंडिंग