शख्स निगल गया दो जिंदा सांप,तीसरे को मारकर पहुंचा अस्पताल,डाक्टर रह गए हैरान

शख्स निगल गया दो जिंदा सांप,तीसरे को मारकर पहुंचा अस्पताल,डाक्टर रह गए हैरान

06 Jul 2026 |  12

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



कुंदा/चतरा।झारखंड के चतरा जिले के कुंदा प्रखंड से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है।यहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से दो जिंदा सांप खा लिए। इसके बाद वह तीसरे सांप को भी खाने की तैयारी में था,लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे रोक दिया। बाद में उसने तीसरे सांप को मार दिया और उसे साथ लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंच गया। मृत सांप को देखकर चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी कुछ देर के लिए दंग रह गए। 



जानकारी के मुताबिक कुंदा प्रखंड मुख्यालय के बरवाडीह गांव निवासी बौद्ध भारती के 45 वर्षीय पुत्र बुधन भारती ने कथित रूप से दो जिंदा सांप निगल लिए।इसकी जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उनकी जांच कर उपचार किया।



प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅक्टर कुमार संजीव ने बताया कि उनके कार्यकाल में इस तरह का मामला पहली बार सामने आया है। कुमार संजीव ने कहा कि सामान्यतः सांप विषैले हो सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में बिना देर किए चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है। जांच के दौरान बुधन भारती के शरीर में किसी भी प्रकार के विष का प्रभाव नहीं पाया गया और फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है।



बुधन भारती की पत्नी ने बताया कि उनके पति ने वास्तव में दो सांप खाए थे। इसके बाद उन्होंने शराब भी पी थी। इस अजीबोगरीब घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।



डाॅक्टर कुमार संजीव ने लोगों से अपील की कि इस तरह के जोखिम भरे और जानलेवा कृत्यों से बचें। यदि किसी व्यक्ति का विषैले जीव से संपर्क हो या सांप काट ले, तो घरेलू उपायों पर भरोसा करने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह और उपचार लें।


ट्रेंडिंग