सुरक्षित बचपन,सुरक्षित भविष्य थीम पर डालसा ने चलाया जागरूकता अभियान

सुरक्षित बचपन,सुरक्षित भविष्य थीम पर डालसा ने चलाया जागरूकता अभियान

24 Jun 2026 |  7

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



जामा।झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार‌ रांची के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दुमका सुधांशु कुमार शशि के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा 90 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जामा प्रखंड परिसर में सुरक्षित बचपन,सुरक्षित भविष्य विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डालसा दुमका के सचिव विवेक कुमार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा उनके संरक्षण एवं कल्याण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। 



इस दौरान बाल श्रम एवं बाल मजदूरी उन्मूलन, बच्चों के शिक्षा के अधिकार, बाल विवाह निषेध, महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण तथा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और उनके भरण-पोषण से संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। 



पारा लीगल वॉलंटियर्स ने बताया कि बाल श्रम कानूनन अपराध है तथा बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज और अभिभावकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। 



कार्यक्रम में घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम,वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम और निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया। साथ ही लोगों को किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। 



कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों और संसाधन व्यक्तियों द्वारा किया गया।अंत में सभी प्रतिभागियों को समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक रहने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। 



मौके पर बीडीओ डॉ. विवेक किशोर,एलएडीसी अधिवक्ता अंकित कुमार,कार्यालय सहायक नीरज कुमार,फ्रंट ऑफिस पीएलवी संतोष कुमार,पारा लीगल वॉलंटियर्स हीरालाल मंडल,रामजीवन रजक,अन्नू कुमारी,अजय किस्कू,प्रदीप हांसदा,जेठलाल हेंब्रम सहित विधिक स्वयंसेवक,स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग