योग्य लाभुकों को ससमय मिले पेंशन,अनाथालयों और आश्रय गृहों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश: उपायुक्त

योग्य लाभुकों को ससमय मिले पेंशन,अनाथालयों और आश्रय गृहों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश: उपायुक्त

19 May 2026 |  7

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



देवघर।उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा कोषांग और जिला बाल संरक्षण इकाई की एक विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और बाल संरक्षण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।



विभिन्न पेंशन योजनाओं की हुई समीक्षा



समीक्षा के क्रम में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जिले में वृद्ध, विधवा,दिव्यांग पेंशन,मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन, झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना सहित अन्य सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी योग्य लाभुक पेंशन के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही उपायुक्त ने पेंशन राशि के ससमय भुगतान और लाभुकों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।



बाल संरक्षण और अनाथालयों की वास्तविक स्थिति का लिया जायजा



बैठक के दूसरे भाग में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान जिले में संचालित अनाथालय चुल्हिया (मोहनपुर), विशिष्ट दत्तक ग्रहण केंद्र और नारायण सेवा आश्रम के कामकाज और वहां की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अनाथालयों और आश्रय गृहों में रह रहे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन,सुरक्षित आवास,शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि दत्तक ग्रहण केंद्र में कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यों को सुगम और पारदर्शी बनाया जाए। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे इन केंद्रों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण करें ताकि बच्चों की सुरक्षा और देखभाल में कोई चूक न हो।



बैठक में सहायक निर्देशक,सामाजिक सुरक्षा कोषांग,जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी,सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित सदस्य,प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग