फरसा वाले बाबा का कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार,ईद पर दंगे की बड़ी साजिश हुई नाकाम

फरसा वाले बाबा का कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार,ईद पर दंगे की बड़ी साजिश हुई नाकाम

21 Mar 2026 |  11

 



मथुरा।उत्तर प्रदेश के मथुरा में कड़ी सुरक्षा में गौ रक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा का अंतिम संस्कार किया गया।प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और बरसाना समेत आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।ईद के मौके पर सांप्रदायिक तनाव फैलाने की एक बड़ी साजिश को भी सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया।जांच में सामने आया है कि फरसा बाबा की मौत को हत्या बताकर हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की साजिश रची गई थी, ताकि ईद के दिन टकराव की स्थिति बनाई जा सके।



बरसाना में हुआ फरसा वाले बाबा का अंतिम संस्कार 



फरसा वाले बाबा का शव बरसाना उनके गांव लाया गया,जहां हालात को देखते हुए पूरे इलाके को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया।अंतिम संस्कार के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।



पुलिस और खुफिया एजेंसियों के के इनपुट के मुताबिक 



पुलिस और खुफिया एजेंसियों के इनपुट के मुताबिक फरसा बाबा की सड़क हादसे में हुई मौत को सुनियोजित तरीके से हत्या बताकर अफवाह फैलाने की कोशिश की गई।ट्रक दुर्घटना में हुई इस मौत को कुछ अराजक तत्वों ने गो तस्करों से जोड़ते हुए इसे सांप्रदायिक रंग देने की साजिश रची।पिछले एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर भ्रामक और उकसाने वाले संदेशों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश जारी थी।



अविमुक्तेश्वरानंद ने की कड़ी कार्रवाई की मांग



फरसा बाबा की मौत के मामले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कड़ी कार्रवाई की मांग की। अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सरकार को गोरक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।पुलिस ने ऐसे कई सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की है,जो इस अभियान में सक्रिय थे और अब उनके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।



जानें क्या बताया चश्मदीद



चश्मदीद हरिओम ने घटना को लेकर साजिश की आशंका जताई है।हरिओम ने बताया कि ट्रक ने अचानक आकर टक्कर मारी,जिससे संदेह पैदा होता है।वहीं आश्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि बाबा लंबे समय से गौ सेवा और गौ रक्षा के कार्यों में लगे हुए थे।



जानें प्रशासनिक सूत्रों का क्या कहना....



प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह पूरा नैरेटिव पहले से तैयार कर सोशल मीडिया के जरिए फैलाया गया,इसी बीच हैदराबाद के एक मौलाना के कथित बयान को भी माहौल को संवेदनशील बनाने की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।



डीएम ने स्पष्ट किया कि....



इस मामले पर डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि फरसा बाबा की मौत हरियाणा बॉर्डर के पास एक सड़क हादसे में हुई थी,जिसमें ट्रक चालक की भी जान गई। शुरुआती जांच में कोहरा और सड़क पर खड़ा कंटेनर हादसे की वजह प्रतीत हो रहा है।



डीएम ने लोगों से की अपील 



डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।साथ ही गोवंश की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार निभाएगी।



बता दें शनिवार सुबह गोवंशी के शक में हरियाणा सीमा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे बरसाना के आजनौख निवासी विख्यात गोरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की एक कंटेनर की चेकिंग कर रहे थे।पीछे से ट्रक ने कंटेनर को टक्कर मार दी। हादसे में फरसा वाले बाबा की मृत्यु हो गई।


ट्रेंडिंग