झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से,सीएम सोरेन की अध्यक्षता में बजट सत्र के संचालन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित 

झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से,सीएम सोरेन की अध्यक्षता में बजट सत्र के संचालन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित 

18 Feb 2026 |  4

 



विशेष संवाददाता,रांची।झारखंड विधानसभा के षष्ठम सत्र के पंचम (बजट) सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च के सुचारु संचालन और बजट की रूपरेखा को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री कक्ष में उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई।



बैठक में राज्य की अर्थव्यवस्था,ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।साथ ही सीएम हेमन्त सोरेन की दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भागीदारी का वर्णन किया गया,जहां उन्होंने विश्व के नीति निर्माताओं,औद्योगिक दिग्गजों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ द्विपक्षीय चर्चाएं कीं,जिससे राज्य में निवेश के नए अवसर खुल सकें, इस पर भी विचार विमर्श हुआ। 



मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने ट्राईबल वेलफेयर,स्कॉलरशिप और राज्य के जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए। सीएम सोरेन ने निर्देश दिए कि बजट सत्र ससमय आयोजित हो तथा इसकी तैयारी सुचारु रूप से की जाए। सीएम सोरेन ने कहा कि वित्त विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है,अतएव विभाग की तैयारी में कोई कमी न रहे।सत्ता दल एवं विपक्षी विधायकों के प्रश्नों एवं बजट संबंधी सवालों पर पूर्ण तैयारी सुनिश्चित की जाए।



बैठक में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर,मुख्य सचिव अविनाश कुमार,विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह,वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार सहित वित्त विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


ट्रेंडिंग