पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बालूमाथ,लातेहार।वन क्षेत्र अंतर्गत बसिया पंचायत के पिडारकोम गांव में गुरुवार की रात जंगली हाथियों के झुंड ने दो गरीब परिवार का घर तोड़ दिया। अचानक हुए इस हमले में परिवार के लोग तो सुरक्षित बच गए,लेकिन उनका आशियाना और घर में रखा अनाज हाथियों के उत्पात की भेंट चढ़ गया।
पीड़ित जितेंद्र यादव और सुबोध यादव ने बताया कि रात को पूरा परिवार गहरी नींद में था।तभी हाथियों के झुंड के पहुंचने की आहट हुई।जान बचाने के लिए हम सभी तुरंत घर से बाहर निकले और पड़ोसियों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से हाथियों को गांव से खदेड़ा गया,लेकिन तब तक हम दोनों का घर क्षतिग्रस्त हो चुका था और घर में रखा अनाज बर्बाद हो गया।पीड़ितों ने बताया कि इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है और अब परिवार के सामने रोज़मर्रा की ज़िंदगी चलाना चिंता का विषय है।
घटना की जानकारी मिलते ही सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण कुशवाहा कार्यकर्ताओं संग मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया और वन विभाग से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने और नियमों के तहत मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।
इस मौके पर फूलदेव यादव, भोला यादव, विक्रम यादव, पप्पू यादव, कमलेश यादव, अजय यादव, निर्मल यादव, नगिया देवी, बसंती देवी, ललिता देवी, पम्मी देवी, सुनीता देवी सहित कई स्थानीय महिला पुरुष मौजूद रहे।