विदेश में फंसे मजदूरों के शव और 12 लोगों की वापसी के लिए पूर्व मंत्री बेबी देवी ने जयशंकर व हेमंत सोरेन से की मदद की अपील

विदेश में फंसे मजदूरों के शव और 12 लोगों की वापसी के लिए पूर्व मंत्री बेबी देवी ने जयशंकर व हेमंत सोरेन से की मदद की अपील

03 Feb 2026 |  14

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।पूर्व मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक अपील करते हुए विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तत्काल सहायता की गुहार लगाई है।अपने ट्वीट में बेबी देवी ने लिखा है कि गिरिडीह जिले के मधगोपाली पंचायत अंतर्गत ग्राम दुधपनिया के निवासी स्व विकास कुमार महतो का पार्थिव शरीर अभी तक विदेश में पड़ा हुआ है,जिसे भारत लाने में परिजनों को भारी परेशानी हो रही है।साथ ही गिरिडीह,हजारीबाग और बोकारो जिलों के कुल 12 मजदूरों को भी विदेश से वापस लाने की जरूरत है। 



बेबी देवी ने लिखा है कि ये मजदूर खाड़ी देशों में काम कर रहे थे,विभिन्न कारणों से फंसे हुए हैं,जिनमें कुछ की मौत हो चुकी है और उनके शवों को वापस लाने की प्रक्रिया लंबित है। उन्होंने विदेश मंत्रालय और झारखंड सरकार से मानवीय आधार पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। 



बता दें कि झारखंड से बड़ी संख्या में युवा सऊदी अरब,यूएई आदि में मजदूरी के लिए जाते हैं,लेकिन महामारी,नियोक्ता विवाद,मौत या अन्य आपात स्थितियों में शव वापसी और मजदूरों की सुरक्षित वापसी अक्सर चुनौतीपूर्ण हो जाती है। पहले भी ऐसे कई मामलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विदेश मंत्री से संपर्क कर सहायता सुनिश्चित की है। परिजनों का कहना है कि लंबित प्रक्रिया से परिवारों में गहरा दुख और आर्थिक संकट है।अभी तक इस अपील पर सरकारी स्तर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है,लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही दोनों नेताओं द्वारा इस पर संज्ञान लिया जाएगा।


ट्रेंडिंग