उपायुक्त ने टाटीझरिया प्रखंड का किया दौरा,पंचायत भवन,अस्पताल,स्कूल,आंगनबाड़ी और आम बागवानी का किया निरीक्षण

उपायुक्त ने टाटीझरिया प्रखंड का किया दौरा,पंचायत भवन,अस्पताल,स्कूल,आंगनबाड़ी और आम बागवानी का किया निरीक्षण

07 Sep 2025 |  171

 



पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,हजारीबाग। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने टाटीझरिया में पंचायत भवन डहरभंगा,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टाटीझरिया,उत्क्रमित उच्च विद्यालय टाटीझरिया,आंगनबाड़ी केंद्र और आम बागवानी का निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में डीसी ने कई त्रुटियां देखीं,जिसे तुरंत ठीक करने का निर्देश दिया। 



 



उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने पंचायत भवन डहरभंगा में खराब पड़े जेनरेटर को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।रजिस्टरों की जांच के क्रम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र पंजीकरण, पेयजल और शौचालय की स्थिति का जायजा लिया।उपायुक्त ने पाया कि पंचायत सचिव द्वारा कार्यालय का यूजर आईडी किसी अन्य व्यक्ति को देकर कार्य कराया जा रहा है। इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए पंचायत सचिव पर स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।



 



 निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने डॉक्टरों की उपलब्धता,जीवन रक्षक दवाओं (एंटी वेनम, एंटी रेबीज आदि) के स्टॉक,ओपीडी संचालन की स्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का मूल्यांकन किया।उपायुक्त ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली और रात्री पाली की सेवाओं और उपकरणों की उपलब्धता का भी आकलन किया। स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई और चिकित्सकों के लिए निर्माणाधीन क्वार्टर की स्थिति का निरीक्षण किया।



 



उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया।विद्यालय परिसर की बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की।मिड‌ डे-श मील और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले आहार की गुणवत्ता की जांच की।ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय में नामांकित करने के प्रयासों की जानकारी ली।शिशु पंजी का निरीक्षण किया और शिक्षकों को सिलेबस के अनुरूप पढ़ाई पूर्ण कराने का निर्देश दिया।



 



उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने मिड डे मील के लिए खाद्यान्न भंडार कक्ष का निरीक्षण कर अनाज की गुणवत्ता जांची और रसोई घर की साफ-सफाई की समीक्षा की,साइकिल वितरण योजना की स्थिति जानी।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय के कक्षा में विद्यार्थियों को गणित पढ़ाया और उनकी पढ़ाई की स्थिति को परखा।



 



भ्रमण के दौरान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने आम बागवानी योजना के लाभुक से मुलाकात की और उनके बगीचे का अवलोकन किया। उपायुक्त ने पौधों की स्थिति की समीक्षा की और लाभुक को पौधों के बेहतर रखरखाव का निर्देश दिया।निरीक्षण के क्रम में डीएसओ,जिला मत्स्य पदाधिकारी और बीडीओ साथ चल रहे थे।


ट्रेंडिंग