पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि
सिरका।सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गिद्दी बस्ती में गुरुवार को रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ।वंदना के बाद विद्यालय की बहनों ने परंपरा के अनुसार सभी आचार्यों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधा,आरती उतारी और मिठाई खिलाई। आचार्यों ने बहनों को स्नेहाशीष दिया। इसके बाद बहनों ने अपने सहपाठी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में बहनों के लिए रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। राखी बनाओ प्रतियोगिता में आठ समूहों,मिठाई बनाओ प्रतियोगिता में सात समूहों और मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता में 15 समूहों ने भाग लिया।प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समूहों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मिश्रा ने रक्षाबंधन के पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का भी संदेश देता है। उन्होंने वर्तमान समय में पर्व की प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला। बता दें कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी आचार्य और दीदी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।