आध्यात्मिक नगरी काशी में हरित जल परिवहन की नई क्रांति,गंगा में इलेक्ट्रिक नौकाओं का संचालन हुआ शुरू

आध्यात्मिक नगरी काशी में हरित जल परिवहन की नई क्रांति,गंगा में इलेक्ट्रिक नौकाओं का संचालन हुआ शुरू

23 Jul 2026 |  10

 



वाराणसी।आध्यात्मिक नगरी काशी में गुरुवार को गंगा में हरित जल परिवहन की नई क्रांति की शुरुआत हुई।वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने गेल (इंडिया) लिमिटेड के सहयोग से नमो घाट पर इलेक्ट्रिक बोट कन्वर्जन पायलट परियोजना के तहत पहली पांच इलेक्ट्रिक यात्री नौकाओं का लोकार्पण किया।महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नौकाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।



बता दें कि इस अवसर पर अपनी पारंपरिक नौकाओं को इलेक्ट्रिक प्रणाली में परिवर्तित कराने वाले पांच नाविक दीपक साहनी, राकेश साहनी,ज्योतीलाल निषाद,दीपक कुमार साहनी और शुभम साहनी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 



वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि पहले चरण में 20 यात्री नौकाओं को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बनाया जा रहा है।परियोजना सफल होने पर इसका विस्तार किया जाएगा,जिससे वाराणसी देश के अन्य नदी शहरों के लिए भी मॉडल बनेगा।



महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि इलेक्ट्रिक नौकाओं के संचालन से वायु,ध्वनि और जल प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही नाविकों की संचालन लागत करीब 80 प्रतिशत तक घटेगी,जिससे उनकी आय बढ़ेगी।पर्यटकों को भी शांत, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल जल यात्रा का अनुभव मिलेगा।



आयरा इलेक्ट्रिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगन कुमार मेहता ने बताया कि प्रत्येक नौका में 15 किलोवाट की इलेक्ट्रिक आउटबोर्ड मोटर, 20 किलोवाट-घंटे की लिथियम बैटरी,जीपीएस ट्रैकिंग,डिजिटल डिस्प्ले और रिमोट मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं।एक बार चार्ज होने पर नौका अस्सी घाट और नमो घाट के बीच कम से कम तीन राउंड ट्रिप कर सकेगी। चयनित घाटों पर चार्जिंग स्टेशन भी विकसित किए गए हैं। 



बता दें कि कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों और नाविकों ने नमो घाट से भदैनी घाट तक इलेक्ट्रिक नौका से जल भ्रमण कर परियोजना का अनुभव लिया।


ट्रेंडिंग