22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर होगी बीएलओ व बीएलए-2 की संयुक्त बैठक,5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर होगी बीएलओ व बीएलए-2 की संयुक्त बैठक,5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

18 Jul 2026 |  29

 



पूर्वांचल सूर्य संवाददाता



 पाकुड़।समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 



बैठक को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित,अद्यतन, पारदर्शी एवं अधिक विश्वसनीय बनाना है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा अपात्र, स्थानांतरित,मृत एवं दोहरी प्रविष्टियों का निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहभागिता एवं सकारात्मक सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया। 



जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज ने जानकारी दी कि 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर निर्वाचन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए निर्धारित प्रपत्र को भरकर उसी दिन जमा करने का अनुरोध किया गया। बैठक के दौरान बीएलए-2, संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर ASSD सूची का सत्यापन एवं मिलान करेंगे, ताकि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज ने मतदाता प्रपत्रों का वितरण कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ASSD प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बीएलए-2 को भी इसकी पूरी जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।



जिला निर्वाचन पदाअधिकारी मेघा भारद्वाज ने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। यदि किसी मतदाता के आवेदन अथवा विवरण में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित मतदाता को नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नोटिस मिलने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि प्रत्येक मामले की सुनवाई संबंधित ईआरओ (निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी) द्वारा की जाएगी तथा सुनवाई के उपरांत नियमानुसार उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। 



बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी,निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, लिट्टीपाड़ा एवं महेशपुर एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


ट्रेंडिंग