कोहरे से ट्रेन-बस और अटकीं उड़ानें,विमानों संग एक्सप्रेस-वंदेभारत की भी रफ्तार हुई धीमी

कोहरे से ट्रेन-बस और अटकीं उड़ानें,विमानों संग एक्सप्रेस-वंदेभारत की भी रफ्तार हुई धीमी

13 Dec 2025 |  24

 



वाराणसी।उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सीजन में पहली बार आज शनिवार सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही।सुबह नौ बजे तक कोहरे से दृश्यता सिर्फ 50 मीटर रही,जिससे विमानों के साथ ही ट्रेन और बसों के संचालन पर खास असर पड़ा। हालत ये रही कि जनसाधारण,कुम्भ,मरुधर,पंजाब मेल, महामना एक्सप्रेस और कई स्पेशल ट्रेनों के साथ ही पटना-गोमतीनगर और नई दिल्ली-वाराणसी वंदेभारत जैसी ट्रेनें तय समय से डेढ़ से 10 घंटे तक देरी से चल रही थीं। 



वाराणसी एयरपोर्ट पर देर रात आने वाली फ्लाइट निरस्त 



वाराणसी एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात 2.45 बजे आने वाली इंडिगो पुणे की फ्लाइट निरस्त कर दी गई।शनिवार सुबह 9 बजे आने वाली इंडिगो मुंबई, 9.10 बजे आने वाली एयर इंडिया दिल्ली की फ्लाइट लेट चल रही हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने संभावना जताई कि कोहरे की वजह से सुबह 11 बजे के बाद ही दृश्यता सामान्य होने के बाद ही उड़ानों का संचालन संभव होगा।रोडवेज की बसों की गति भी धीमी रही।कैंट बस स्टेशन पर सुबह यात्री भी कम रहे।मौसम विभाग के मुताबिक रात का तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार आगे कोहरे का दायरा और बढ़ेगा।



कोहरे से ट्रेन-बसों के साथ उड़ानें भी प्रभावित



रनवे की दृश्यता सामान्य होने के बाद अकासा एयर बेगलुरु की फ्लाइट 1 घंटे 30 मिनट की देर से सुबह 11:30 बजे पहली फ्लाइट वाराणसी रनवे पर उतरी,इसके बाद फ्लाइट के उतरने का सिलसिला जारी हुआ।



रात और सुबह में बसों के संचालन में आई दिक्कत



कोहरा से शुक्रवार को रोडवेज का संचालन भी प्रभावित हुआ। चालकों को बसों के संचालन में रात और सुबह तड़के दिक्कत हुई।सूर्य निकलने के बाद कोहरा छटा। 70-80 की रफ्तार से चलने वाली बसें 40- 50 की रफ्तार से चलीं। हालांकि ठंड में यात्रियों की भी कमी देखी जा रही है।दो दिनों से लोड फैक्टर कम हुआ है।मुख्यालय ने निर्देशित किया है कि अधिक घने कोहरा में रात को चालक बस का संचालन नहीं करेंगे। बल्कि कोहरा कम होने का इंतजार करेंगे। बसों को ऐसे सुरक्षित स्थान पर रोकेंगे, जहां यात्रियों को असुविधा न हो। टोल प्लाजा, ढ़ाबा आदि के पास खड़ी करेंगे।


ट्रेंडिंग