नोएडा हिंसा में बड़ा खुलासा:1823 किमी दूर दो राज्यों से निकली चिंगारी,टेलीग्राम-व्हाट्सएप मैसेज से भड़काई आग

नोएडा हिंसा में बड़ा खुलासा:1823 किमी दूर दो राज्यों से निकली चिंगारी,टेलीग्राम-व्हाट्सएप मैसेज से भड़काई आग

16 Apr 2026 |  38

 



गौतमबुद्धनगर।उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा में हुई हिंसा में यूपी एसटीएफ की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।नोएडा में वेतन बढ़ाने को लेकर जो आग भड़की उसकी चिंगारी तेलंगाना और कर्नाटक से व्हाट्सएप के जरिये आई थी।कई संगठन के लोग दूर के राज्यों में बैठकर कई व्हाट्सएप ग्रुप को हैंडल कर रहे थे।वहीं एसटीएफ हिंसा के दौरान बनाए गए 500 से अधिक वीडियो को खंगाल रही है। व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप भी उसके रडार पर हैं। 



एसटीएफ को चला पता,कुछ टेलीग्राम ग्रुप मजदूरों के प्रदर्शन को उकसाने के लिए बनाए....



एसटीएफ को पता चला है कि कुछ टेलीग्राम ग्रुप भी मजदूरों के प्रदर्शन को उकसाने के लिए बनाए गए थे।जांच में यह बात सामने आई है कि तेलंगाना और कर्नाटक से कुछ लोगों की डिजिटल ट्रेल मिली है। यानी वहां से कई टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप पर दिशा-निर्देश दे रहे थे।इन ग्रुपों में नोएडा में काम करने वाले काफी संख्या में मजदूरों को जोड़ा गया था। एसटीएफ की टीम तकनीकी पहलुओं पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। हिंसक प्रदर्शन के दौरान नोएडा में उपद्रव प्रभावित क्षेत्रों में हजारों वीडियो बनाए गए थे। सैकड़ों वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।एसटीएफ ने इकट्ठा वीडियो को खंगालना शुरू कर दिया है,उन वीडियो की पड़ताल अच्छे से की जा रही है,जिनमें कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं या पुलिस को टारगेट कर रहे हैं। इन वीडियो में कई ऐसे लोग भी शामिल थे जो फैक्टरियों या कंपनियों में काम नहीं करते थे।



औद्योगिक सेक्टरों में पुलिस का फ्लैग मार्च



सोमवार को हिंसक प्रदर्शन के बाद मंगलवार को अंबेडकर जयंती की छुट्टी थी।बुधवार को फैक्ट्रियों में सुबह के समय मजदूर पहुंचने लगे।इससे पहले पुलिस की टीम सुबह से ही तैयार थी।सभी बॉर्डर एरिया पर पुलिस तैनात थी। सुबह से ही औद्योगिक सेक्टरों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया और जहां भी मजदूर इकट्ठा होने लगे,वहां से पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर हटा दिया।



अब तक 600 से अधिक की गिरफ्तारी



सोमवार को हुए हिंसक मजदूर प्रदर्शन के बाद बुधवार रात तक लगभग 600 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकतर गिरफ्तारी कोतवाली फेज वन,फेज टू,सेक्टर-58, सेक्टर-63, फेज थ्री से हुई है।इनमें ग्रेटर नोएडा से भी कुछ गिरफ्तारियां हुई है। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि पुलिस की टीम जांच में जुटी हुई है।



प्रशासन ने संभाला मोर्चा,दिन में भी सेक्टरों में रहे मुस्तैद



मजदूरों के फिर से उपद्रव की आशंका को लेकर प्रशासनिक अफसर बुधवार को पूरी तरह मुस्तैद रहें।जिलाधिकारी से लेकर तहसीलदार तक दिनभर औद्योगिक सेक्टरों में डेरा डाले रहे।यहां तक कि मजदूरों के रहने वाले गांवों में भी शांति मार्च निकाला।साथ ही मजदूरों से शांति बनाए रखने की अपील की। हालांकि कुछ जगह पर मजदूरों ने प्रदर्शन करने की कोशिश की,लेकिन पुलिस और प्रशासन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मजदूरों को शांत कराया।

 

डीएम ने औद्योगिक सेक्टरों में जाकर मजदूरों से की बात



डीएम मेधा रूपम ने औद्योगिक सेक्टरों में जाकर मजदूरों से बातचीत की।डीएम ने ग्रेटर नोएडा की ग्लोबल ऑटोटेक लिमिटेड और अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड में जाकर मजदूरों से बात की और वेतन वृद्धि और अन्य फैसलों की जानकारी दी,जिस पर मजदूरों ने भी सीएम योगी  का आभार जताया। डीएम ने सभी से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।डीएम ने अलग-अलग सेक्टरों में मजिस्ट्रेट नियुक्त किए  हैं। 



 

18 और गिरफ्तार,70 फीसदी उद्योगों में काम शुरू



पुलिस ने नोएडा में मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन और आगजनी के मामले में मजदूर बिगुल दस्ता संगठन के प्रमुख रूपेश राय समेत 18 और लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक उपद्रव के लिए यही संगठन जिम्मेदार है। इस बीच, वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के बाद बेपटरी हुई व्यवस्था अब पटरी पर लौटने लगी है। वेतन बढ़ने के बाद जहां हंगामा थमा है,वहीं मजदूर भी काम पर लौटने लगे हैं। लगभग 70 फीसदी उद्योगों में फिर से काम शुरू हो गया है।



पुलिस का दावा-मजदूर बिगुल दस्ता संगठन ने घूम-घूम कर मजदूरों को भड़काया



पुलिस जांच में पता चला कि मजदूर बिगुल दस्ता से जुड़े लोग फैक्टरी एरिया में घूम-घूम कर मजदूरों को भड़का रहे थे। बताया जा रहा है कि मानेसर में भी इसी संगठन के लोगों ने फैक्टरी में हिंसा करवाई थी। संवेदनशील क्षेत्रों फेज-2 में सेक्टर-84, नयागांव, मदरसन कंपनी, सेक्टर-80, 85, 63, 62, 64 और 67 समेत सेक्टर-15 में पुलिस की टुकड़ियां तैनात रहीं। 



पुलिस की टीम लगातार चौकसी बरत रही...



पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कहा कि पुलिस की टीम लगातार चौकसी बरत रही है।कंपनियों में काम शुरू हो गया है।हिंसा में 300 से अधिक कंपनियों में तोड़फोड़ व आगजनी की गई थी। मजदूरों के प्रदर्शन को देखते हुए फेज-1, 2 और 3 में कंपनियों के गेट के बाहर नोटिस चस्पा कर बढ़ाए गए वेतन की जानकारी दी गई। कुछ कंपनियों में वेतन वृद्धि के पोस्टर नहीं लगने से श्रमिकों ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटा दिया।


ट्रेंडिंग