30 देशों के 90 प्रवासी भारतीयों ने रामलला के दरबार में पहुंचकर किया दर्शन पूजन 

30 देशों के 90 प्रवासी भारतीयों ने रामलला के दरबार में पहुंचकर किया दर्शन पूजन 

22 Apr 2024 |  29

 

अयोध्या।हनुमान चालीसा पाठ और रामलला के जयकारों के साथ सोमवार को 30 देशों के 90 प्रवासी भारतीयों के साथ 400 श्रद्धालुओं की टोली ने रामलला के दरबार में पहुंचकर दर्शन पूजन किया।इन देशों में यूरोप के देशों के साथ खाड़ी देशों में रह रहे प्रवासी भारतीय शामिल हैं।ये सभी अभिभूत नजर आए।राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से सभी का भव्य अभिनंदन किया गया।

 

इनका नेतृत्व वैश्विक भारत के ब्रांड एंबेसडर व दिल्ली स्ट्डी ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. विजय जौली ने किया। सभी श्रद्धालुओं को राम नामी दुपट्टा ओढ़ाकर माथे पर चंदन का तिलक लगाया गया।इस टोली ने हनुमानगढ़ी में बजरंगबली का भी दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया।

 

इस अवसर पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख राम लाल जी, हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश,उज्बेकिस्तान के व्यवसायी अशोक के तिवारी (प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित), भूपेंद्र कंसल (महामंत्री हिमालय परिवार) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

दल में प्रमुख रूप से भूटान के राजदूत मेजर जनरल वेत्सोप नामग्याल, काउंसलर दोरजिक किंजांग, चीन गणराज्य (ताइवान) प्रतिनिधि कुमारी त्साई जेन चुन, भारत में रोमानिया महावाणिज्य दूत विजय मेहता व टुवालू महावाणिज्य दूत डॉ. दीपक जैन और निर्वासित तिब्बत संसद स्पीकर खेंपो सोनम तेनफेल उपस्थित रहे।

 

दर्शन करने वाले प्रवासी भारतीयों में ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, भूटान, कनाडा, कोलंबिया, कंबोडिया, जॉर्जिया, गुयाना, केन्या, कजाकिस्तान, मलेशिया, मोजाम्बिक, मकाऊ, नाइजीरिया, नेपाल, नॉर्वे, रोमानिया, रवांडा, स्पेन, सिंगापुर, सिंट मार्टेन, चीन गणराज्य (ताइवान), ताजिकिस्तान, त्रिनिदाद एण्ड टोबैगो, तुवालु, तिब्बत, युगांडा, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त अरब अमीरात, उज्बेकिस्तान, संयुक्त राज्य अमेरिका इत्यादि देशों के प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी के भोजन की व्यवस्था दिल्ली के समाजसेवी गोपाल गर्ग ने की।

ट्रेंडिंग