महाराजगंज।उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली इलाके में बिना वैध वीजा के भारत में कथित तौर पर घुसने की कोशिश करने वाली उज्बेकिस्तान की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।अधिकारियों ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी।
जांच के दौरान पकड़ी गई विदेशी महिला
आप्रवासन विभाग के जांच अधिकारी प्रमोद कुमार दुबे ने बताया कि नेपाल से भारत आ रही उम्मीदा जोइरोवा (36) को शुक्रवार शाम सोनौली इलाके में आप्रवासन विभाग के अधिकारियों ने एक नियमित जांच के दौरान पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि उसके पास उज्बेकिस्तान का पासपोर्ट है, लेकिन भारतीय वीजा नहीं है।
पहले भी की जा चुकी है निर्वासित
जांच अधिकारी प्रमोद कुमार दुबे ने बताया कि जांच में पता चला कि महिला को इस साल 22 फरवरी को मुंबई एयरपोर्ट से एग्जिट परमिट के साथ भारत से निर्वासित कर दिया गया था।दुबे ने बताया कि इतना ही नहीं भारत में दोबारा प्रवेश पर रोक लगाने के लिए उसके खिलाफ एक लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया था।दुबे ने बताया कि इसके बावजूद महिला ने माना कि वह 22 अप्रैल को नेपाल के रास्ते से गैर-कानूनी तरीके से भारत में घुसी थी।
जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि उज्बेकिस्तान की महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल महिला के बारे में जांच की जा रही है। इसके साथ ही मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
6 अफगानी नागरिक गिरफ्तार
बता दें इससे पहले हाल ही में मुंबई पुलिस ने छह अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया था।ये सभी अफगानी नागरिक मुंबई में फर्जी दस्तावेजों के अधार पर रह रहे थे। पूछताछ में ये सभी लोग किसी भी प्रकार का सही दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिसके बाद पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि सभी अफगान नागरिकों की पहचान कर ली गई है।