कुंदरू कला मे प्रखंड स्तरीय बूढ़ा करमा महोत्सव का आयोजन,ढोल- नगाड़ा के थाप पर सांसद-विधायक और ग्रामीण जमकर थिरके,झूमे नाचे गाए
बूढ़ा करमा झुमर उत्सव पूर्वजों की देन है,संजोये रखने की जरूरत:सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी
झारखंडी संस्कृति से जुड़ा लोकप्रिय पर्व है करम महोत्सव:विधायक तिवारी
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,रजरप्पा। झारखंड का लोकप्रिय प्रकृति और संस्कृति से जुड़ा हुआ त्यौहार बूढ़ा करमा महोत्सव का शनिवार को आयोजन हुआ।कुंदरु कला पंचायत के महथा बगीचा खेल मैदान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामगढ़ प्रखंड स्तरीय झूमर महोत्सव का आयोजन किया गया,जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों प्रतिभागी टीम झूमर में शामिल हुए।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी,विशिष्ट अतिथि मांडू विधायक तिवारी महतो उर्फ निर्मल महतो, पूर्व विधायक सुनीता चौधरी शामिल हुए।मौके पर आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों को पगड़ी पहनकर और गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि ने झुमर गीत नृत्य मंच का फीता काट कर उद्घाटन किया।
सांसद चंद्र प्रकाश ने कहा कि बूढ़ा करम महोत्सव करमा त्यौहार समाप्त होने के दूसरे दिन मनाया जाता है।झारखंड के संस्कृति का धरोहर है तथा हमारे पूर्वजों की देन है,जिसे सब कई आदिवासी और मूलवासी समुदाय के लोग धूमधाम से मनाते हैं,जिसे आज सुरक्षित रखने की आवश्यकता है। सांसद ने कहा कि करमा त्यौहार भाई बहन का अटूट प्रेम और आस्था का पर्व है,जिसे युग युगांतर काल से हमारे पूर्वज मनाते आ रहे हैं, अपनी प्रकृति और संस्कृति से जुड़ा उत्सव है,जिसे झारखंडी खेतों मे हरियाली खुशहाली और जल जंगल की रक्षा का संकल्प लेते हैं।
विशिष्ट अतिथि तिवारी महतो ने सम्बोधन में कहा कि झारखंड का यह लोकप्रिय त्यौहार है,जिसे ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले लोग भादो महीने के एकादशी तिथि पर बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मानते हैं।खेतों में लगे फसलों की बेहतर उपज और रखवाली के लिए करम देवता तथा प्रकृति से महिलाएं कामना करती हैं।
बूढ़ा करमा महोत्सव में गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, मांडू विधायक तिवारी महतो और रामगढ़ पूर्व विधायक सुनीता चौधरी ने अखड़ा में ढोल नगाड़ा और मांदर की थाप पर खूब थिरके नाचे गाए।इस मौके पर सिल्ली से पहुंची कलाकार हेमली कुमारी ने ढोल बजाकर गीत गाकर सभी का मन मोह लिया।दर्ज़नों गीत प्रस्तुत कर ग्रामीणों को झूमने से मजबूर कर दिया।बूढ़ा करम महोत्सव में रामगढ़ प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों झूमर प्रतियोगिता में शामिल टीम और ग्रामीणों ने करमा गीत पर जमकर झूमें और नाचे गाये।
इस मौके पर आमंत्रित सदस्य रामगढ़ जिप अध्यक्ष सुधा चौधरी,पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रामदेव महतो,आजसू पार्टी केंद्रीय सचिव अमृतलाल मुंडा,मनोज महतो,मांडू पार्षद भोला तूरी,गोला पार्षद जलेश्वर महतो,रामगढ़ सदर पार्षद धनेश्वर महतो,मुखिया कलावती देवी,मुखिया रेखा देवी, पूर्व मुखिया शीला देवी सहित दर्जनों आमंत्रित अतिथि शामिल थे।
झुमर आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक किसुनराम मुंडा,अध्यक्ष प्रदीप नायक, सचिव धनेश्वर यादव, कोषाध्यक्ष बालेश्वर महतो,विजय केसरी,तुलसीदास महतो,मोहराय महतो,जगदेव महतो,हीरा गोप, प्रकाश महतो नीरजमंडल, अरविंद महतो महेश महतो, संतोष महतो ज्ञानी महतो,संतोष केसरी,जगदेव महतो, सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।